राजनाथ सिंह का बड़ा बयान, भारत अब उकसाने वालों को बख्शता नहीं, इसका प्रमाण है ऑपरेशन सिंदूर
Sandesh Wahak Digital Desk: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई को लेकर बड़ा बयान दिया। वडोदरा में आयोजित एकता मार्च के तहत सरदार सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस बात का सबूत है कि भारत उन लोगों को करारा जवाब देता है जो शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझते।
राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए सशस्त्र बलों के साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा, आज विश्व भारतीय सैनिकों की वीरता और क्षमता को स्वीकार कर रहा है। इस अभियान ने स्पष्ट संकेत दिया है कि हम शांतिप्रिय राष्ट्र हैं, जो किसी देश को उकसाते नहीं, लेकिन यदि कोई उकसाये तो उसे बख्शा भी नहीं करते हैं।
सरदार पटेल के नेतृत्व से तुलना
रक्षा मंत्री ने आतंकवाद पर भारत की कार्रवाई की तुलना सरदार वल्लभभाई पटेल के मजबूत नेतृत्व से की। उन्होंने कहा कि पटेल ने हमेशा संवाद को प्राथमिकता दी, लेकिन जरूरत पड़ने पर कभी भी साहसी रास्ता चुनने में हिचकिचाए नहीं, जैसा कि हैदराबाद को भारत में विलय के मामले में हुआ था।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल का एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सपना और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, और आज यह चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है तथा शीघ्र ही शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो जाएगा। सरकार रक्षा आधुनिकीकरण और स्वदेशी उत्पादन पर पटेल के विजन को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में भारत का रक्षा निर्यात लगभग 34 गुना बढ़ गया है। सरकार का लक्ष्य 2029 तक 3 लाख करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन और 50,000 करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात हासिल करना है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर कड़े रुख का संकेत देते हुए कहा कि सरकार संविधान (130वां संशोधन) विधेयक 2025 को पारित कराने पर विचार कर रही है। इसके तहत यदि उच्च पदों पर आसीन किसी व्यक्ति को किसी गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया जाता है और 30 दिनों के भीतर जमानत नहीं मिलती है, तो वे अपने आप अपने पद से मुक्त हो जाएंगे।
Also Read: लखनऊ: PGI पुलिस ने गांजा तस्करी रैकेट का किया पर्दाफाश; महिला समेत 3 शातिर गिरफ्तार

