भारत किसी बाहरी दबाव में नहीं झुकेगा, पुतिन का अमेरिका पर सीधा हमला, बोले- मोदी संप्रभुता से समझौता नहीं करेंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत पर अमेरिकी टैरिफ लगाने के प्रयासों को लेकर अमेरिका पर गुरुवार को बड़ा निशाना साधा। वाल्दाई पॉलिसी फोरम में अपने संबोधन के दौरान पुतिन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी ऐसा कदम नहीं उठाएंगे, जिससे भारत की संप्रभुता से कोई समझौता हो।

पुतिन ने चेतावनी दी कि अगर रूस से तेल खरीदने पर ऊंचे टैरिफ लगाए जाते हैं या भारत रूसी तेल की खरीद रोकता है, तो इसका सीधा असर पूरी दुनिया की ऊर्जा कीमतों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से भी ऊपर जा सकती हैं। पुतिन ने विशेष रूप से भारत को आगाह करते हुए कहा कि रूसी तेल खरीदना बंद करने पर उसे 9 से 10 अरब डॉलर (करीब 83 हज़ार करोड़ रुपये) का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

रूसी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि भारत जैसे देश में जनता अपने नेतृत्व पर पैनी नज़र रखती है और “भारतीय लोग कभी यह स्वीकार नहीं करेंगे कि उनका देश किसी भी ताकत के सामने झुके।”

मोदी पर जताया भरोसा, दिसंबर में करेंगे भारत दौरा

पुतिन ने भारत के साथ अपने रिश्तों को ‘दोस्ताना’ बताते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ पूरी भरोसे के साथ बात कर सकते हैं। उन्होंने दिसंबर की शुरुआत में होने वाली अपनी भारत यात्रा को लेकर भी संतोष व्यक्त किया। पुतिन ने रूसी सरकार को निर्देश दिया कि भारत के साथ व्यापार असंतुलन को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि भारत, रूस से ज्यादा कृषि उत्पाद और दवाइयां आयात करके इस संतुलन को साध सकता है।

अमेरिकी नीति पर कटाक्ष करते हुए पुतिन ने यह भी कहा कि वाशिंगटन एक तरफ भारत जैसे देशों पर रूसी ऊर्जा न खरीदने का दबाव डालता है, जबकि दूसरी तरफ खुद यूरेनियम के लिए रूस पर निर्भर रहता है।

Also Read: Lucknow News: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के स्टाफ पर जानलेवा हमला, हमलावरों ने रॉड से पीटकर किया लहूलुहान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.