भारत नहीं खेलेगा चैरिटी मैच, BCCI ने ठुकराया श्रीलंका का प्रस्ताव, जानिए वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका क्रिकेट के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, जिसमें दिसंबर में दो चैरिटी टी20 मैच खेलने की मांग की गई थी।

ये मुकाबले श्रीलंका में आए चक्रवात ‘दित्वा’ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आयोजित किए जाने थे।

श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि दिसंबर की 27 और 29 तारीख को चैरिटी मैच कराने पर विचार किया गया था, लेकिन तय समय पर आवश्यक व्यावसायिक और लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो सकीं। इसी कारण BCCI ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।

बता दें कि चक्रवात ‘दित्वा’ से श्रीलंका को करीब 1.6 अरब अमेरिकी डॉलर का नुकसान हुआ था, जबकि इस प्राकृतिक आपदा में लगभग 600 लोगों की जान चली गई थी।

BCCI

अगस्त में तय कार्यक्रम के अनुसार होगा भारत का श्रीलंका दौरा

शम्मी सिल्वा ने यह भी स्पष्ट किया कि अगस्त में भारतीय टीम का श्रीलंका दौरा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा।

इस दौरान भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा होगी। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी होंगे।

पाकिस्तान सीरीज की आय राहत कोष में जाएगी

श्रीलंका क्रिकेट ने यह भी घोषणा की है कि अगले सप्ताह पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली 3 टी20 मैचों की सीरीज से होने वाली आय को चक्रवात राहत कोष में दान किया जाएगा। ये मुकाबले दांबुल्ला में खेले जाएंगे।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों में जुटा श्रीलंका

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसकी संयुक्त मेजबानी भारत और श्रीलंका करेंगे। पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा।

ग्रुप बी के सभी मैच श्रीलंका में आयोजित होंगे और यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप (A, B, C, D) में बांटा गया है।

Also Read: न्यूजीलैंड ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, श्रेयस अय्यर की वापसी, हार्दिक-बुमराह को नहीं मिला मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.