Iran पर हमले के बाद भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान (Iran) की राजधानी तेहरान समेत 30 शहरों पर हमला किया है। इस घटनाक्रम के बीच भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है। इजराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है और सभी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी जारी
भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय नागरिक इजराइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों और निर्देशों का सख्ती से पालन करें। मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए सभी भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय चौकन्ना रहने के लिए कहा गया है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिक तय शेल्टर के पास रहें और अपने रहने या काम करने के क्षेत्र में सबसे नजदीकी सुरक्षित स्थानों की जानकारी रखें। साथ ही अगली सूचना तक इजराइल के भीतर सभी गैर जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है।
लोकल अपडेट्स पर नजर रखने की सलाह
भारतीय दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्थानीय समाचार, आधिकारिक घोषणाओं और इमरजेंसी अलर्ट पर नियमित नजर बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास से 24 घंटे हेल्पलाइन के जरिए संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर +972-54-7520711 और ईमेल cons1.telaviv@mea.gov.in जारी किया गया है।
दूतावास ने यह भी कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और जरूरत के अनुसार आगे भी अपडेट जारी करता रहेगा।

