इंडियन आइडल विजेता प्रशांत तमांग का 43 की उम्र में निधन, पाताल लोक-2 में विलेन बन जीता था सबका दिल
Sandesh Wahak Digital Desk: संगीत और अभिनय की दुनिया का एक चमकता सितारा आज हमेशा के लिए शांत हो गया। ‘इंडियन आइडल’ के जरिए घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले प्रशांत तमांग का रविवार को निधन हो गया। खबरों के मुताबिक, उनकी मौत की वजह अचानक आया स्ट्रोक (Brain Stroke) बताई जा रही है। फिल्ममेकर राजेश घाटानी ने इस खबर की पुष्टि की है, जिसके बाद पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रशांत तमांग की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं थी। इंडियन आइडल में आने से पहले वह कोलकाता पुलिस में एक सिपाही के तौर पर तैनात थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा में गाया करते थे। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उनके सीनियर अधिकारियों ने ही उन्हें नेशनल टेलीविजन पर अपनी किस्मत आजमाने की सलाह दी थी। 2007 में उन्होंने न केवल शो जीता, बल्कि दार्जिलिंग और नेपाल के लोगों का दिल जीतकर ‘पहाड़ का गौरव’ कहलाए।
पाताल लोक-2 में दिखा एक्टिंग का दम
प्रशांत सिर्फ एक अच्छे गायक ही नहीं, बल्कि एक मंझे हुए अभिनेता भी थे। हाल ही में उन्होंने अमेज़न प्राइम की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पाताल लोक-2’ में विलेन ‘डेनियल लेचो’ का किरदार निभाया था। इस भूमिका में उन्हें पहचानना भी मुश्किल था, लेकिन उनके अभिनय की गहराई ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया था। इसके अलावा उन्होंने कई नेपाली फिल्मों में भी अपनी आवाज और अदाकारी का जादू बिखेरा।
निजी जीवन और संगीत का शौक
4 जनवरी, 1983 को दार्जिलिंग में जन्मे प्रशांत अपनी पत्नी गीता थापा के साथ दिल्ली में रह रहे थे। उनके परिवार में उनकी बुजुर्ग मां, दादी और एक बहन है। इंडियन आइडल जीतने के बाद उन्होंने कई सफल एलबम दिए, जिनमें हिंदी और नेपाली गानों का बेहतरीन मिश्रण था। उनके करीबी दोस्त और गायक महेश सेवा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, मेरे प्यारे भाई प्रशांत के निधन पर गहरी संवेदना।
Also Read: AMU शिक्षक हत्याकांड: कातिल भाइयों पर पुलिस का शिकंजा, घर पर चिपकाया कुर्की का नोटिस

