ट्रेन 15 मिनट भी लेट हुई तो तुरंत मिलेगा अलर्ट, Indian Railways ने लॉन्च किया नया App

Indian Railways Launch Punctuality BZA App: भारतीय रेलवे ने ट्रेनों की लेट लतीफी सुधारने और परिचालन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने अपना पहला आंतरिक एंड्रॉइड ऐप ‘पंक्चुअलिटी BZA’ लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए अधिकारी अब कहीं से भी ट्रेनों की रियल-टाइम स्थिति पर नजर रख सकेंगे। खास बात यह है कि यदि कोई ट्रेन 15 मिनट या उससे ज्यादा लेट होती है, तो संबंधित अधिकारियों को तुरंत अलर्ट मिलेगा, जिससे समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सकेगी।

यह ऐप दक्षिण तट रेलवे (SCoR) के विजयवाड़ा डिवीजन ने स्वदेशी तकनीक से तैयार किया है। फिलहाल इसका इस्तेमाल रेलवे अधिकारियों और कंट्रोल रूम स्टाफ के लिए किया जाएगा।

कैसे काम करेगा Punctuality BZA App?

अब तक Indian Railways ट्रेनों की निगरानी के लिए मुख्य रूप से ICMS (Integrated Coaching Management System) वेब पोर्टल का इस्तेमाल करता था। इसमें अलग-अलग स्क्रीन पर जाना पड़ता था, बार-बार OTP लॉगिन करना होता था और जानकारी जुटाने में समय लगता था।

नया Punctuality BZA ऐप इन सभी दिक्कतों को खत्म करता है। इसमें एक ही डैशबोर्ड पर ट्रेनों की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध होगी। ऐप में Section-wise Train Status, Late Train Monitoring (LTM), Punctuality Assessment Module (PAM), सिस्टम से गायब ट्रेनों की स्वतः पहचान और 15 मिनट से अधिक देरी होने पर ऑटो अलर्ट जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

रेलवे के मुताबिक यह ऐप LTM BZA सिस्टम से पूरी तरह जुड़ा हुआ है, जिससे ट्रेन संचालन, देरी के कारण और अन्य परिचालन संबंधी जानकारियां रियल-टाइम में अधिकारियों तक पहुंचती रहेंगी।

रेलवे और यात्रियों दोनों को होगा फायदा

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस ऐप से ट्रेनों की देरी पर तुरंत निर्णय लेना आसान होगा और समयबद्धता सुधारने के लिए तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी। इससे परिचालन दक्षता बढ़ेगी, संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों को भी कम देरी का सामना करना पड़ेगा।

विजयवाड़ा डिवीजन में सफल शुरुआत के बाद Indian Railways की योजना इस ऐप (Punctuality BZA) को धीरे-धीरे अन्य डिवीजनों और जोनों में भी लागू करने की है।

Also Read: 6G से पहले 5.5G की होगी एंट्री! मिलेगी बिजली जैसी स्पीड, जानिए कैसा होगा…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.