ईरान से वतन लौटे भारतीयों का दिल्ली एयरपोर्ट पर स्वागत, भावुक परिजन बोले- इंटरनेट बंद होने से धड़कनें बढ़ गई थीं

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज का नजारा कुछ अलग ही था। ईरान से लौट रहे भारतीय नागरिकों के स्वागत के लिए उनके परिजन हाथों में फूल और आंखों में खुशी के आंसू लिए घंटों से इंतजार कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से ईरान में इंटरनेट और संचार सेवाएं ठप होने की खबरों ने इन परिवारों की रातों की नींद उड़ा दी थी, लेकिन अपनों को सामने देख सबकी चिंता दूर हो गई।

एयरपोर्ट पर मौजूद परिजनों ने बताया कि उनके अपने तीर्थयात्रा (जियारते) के लिए ईरान गए थे। एक युवक ने बताया कि उसकी माँ और मौसी ईरान गई थीं। पिछले एक हफ्ते से वहां इंटरनेट बंद था, जिसके कारण कोई बात नहीं हो पा रही थी। यह समय परिवार के लिए भारी मानसिक तनाव का था। एक अन्य परिवार ने बताया कि उनकी माँ 7 जनवरी को ईरान पहुँची थीं। दो दिन तो बात हुई, लेकिन 8 जनवरी के बाद अचानक संपर्क टूट गया। माँ ने पहले ही बताया था कि हालात सामान्य हैं, फिर भी फोन न मिल पाने के कारण मन में अनहोनी का डर बना रहा।

अमरोहा और दिल्ली के परिवारों ने जताया आभार

ईरान से लौटने वाले यात्रियों में दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। परिजनों ने प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने हमारे अपनों की सुरक्षित वापसी में बहुत सहयोग किया। अमरोहा से आए एक व्यक्ति ने कहा कि कुछ लोग दंगों की अफवाह फैला रहे थे, लेकिन उनकी माँ के अनुसार वहां ईरानी सरकार ने हालात को अच्छी तरह संभाला और पर्यटकों को कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई।

इंटरनेट बंद था, पर हम सुरक्षित थे

ईरान से सुरक्षित वापस लौटे नागरिकों ने बताया कि अब वहां स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। एक यात्री ने बताया कि इंटरनेट कुछ समय के लिए नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से बंद किया गया था। अंतरराष्ट्रीय कॉल्स भी काम नहीं कर रही थीं, जिससे शुरू में डर लगा, लेकिन बाद में सुविधाएं बहाल कर दी गईं। यात्रियों ने माना कि भारतीय दूतावास लगातार उनके संपर्क में था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटकों को किसी ने परेशान नहीं किया और वे अपनी मर्जी से और पूरी तरह सुरक्षित वापस आए हैं।

Also Read: IT Raid: भोले बाबा डेयरी ग्रुप के ठिकानों पर कुबेर का खजाना, 20 करोड़ के गहने और बेहिसाब नकदी बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.