स्टील सेक्टर में आत्मनिर्भरता के साथ वैश्विक दबदबा कायम करेगा भारत : पीयूष गोयल
Sandesh Wahak Digital Desk : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारत का स्टील उद्योग (India’s Steel Industry) न सिर्फ देश की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि वैश्विक बाजार में भी अपनी धाक जमाएगा। ‘स्टील इंडिया 2025’ कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत अब किफायती और उच्च गुणवत्ता वाले स्टील का प्रमुख उत्पादक बन चुका है।
FTA वार्ताओं से खुलेंगे नए दरवाजे
गोयल ने बताया कि भारत यूरोपीय संघ (EU), ब्रिटेन, अमेरिका और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) पर तेजी से काम कर रहा है। इन समझौतों के बाद भारतीय स्टील उत्पादों को वैश्विक बाजारों में आसानी से पहुंच मिल सकेगी।
“आत्मनिर्भरता का मतलब दुनिया से कटना नहीं”
मंत्री ने स्पष्ट किया, “हम आत्मनिर्भरता पर जोर दे रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम दुनिया से अलग-थलग हो रहे हैं। बल्कि, हम अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए अपने दरवाजे और खोल रहे हैं।” उन्होंने बताया कि भारत फिलहाल 10-12 नए व्यापार समझौतों पर काम कर रहा है।
गोयल ने यह भी कहा कि सरकार स्टील उद्योग को अनुचित व्यापार प्रथाओं से बचाने के लिए सतर्क है। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमेडीज (DGTR) की जांच के बाद स्टील डंपिंग रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
ब्रिटेन और अमेरिका के साथ समझौते जल्द
मंत्री ने खुलासा किया कि ब्रिटेन के साथ व्यापार समझौना लगभग पूरा होने वाला है, जबकि अमेरिका के साथ बातचीत समय से आगे चल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये समझौते भारतीय स्टील उद्योग के लिए गेम-चेंजर साबित होंगे।

