इंडिगो एयरलाइन की बड़ी घोषणा, यात्रियों को मिलेगा 10 हजार का मुआवजा
Sandesh Wahak DIgital Desk: दिसंबर माह के पहले हफ्ते ने इंडिगो के यात्रियों के लिए भारी परेशानी लेकर आया। देशभर में उड़ानों के अचानक रद्द होने से न सिर्फ लोगों की यात्रा योजनाएं बिगड़ीं बल्कि कई यात्रियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। एयरपोर्ट पर घंटों इंतज़ार, बार-बार रीशेड्यूल होती फ्लाइटें और असमंजस के माहौल ने यात्रियों को बेहद कठिन स्थिति में डाल दिया। जब सैकड़ों उड़ानें एक साथ रद्द हुईं तो शिकायतों की बाढ़ आ गई और मामला DGCA तक जा पहुंचा।
DGCA की सख्ती के बाद इंडिगो की घोषणा
वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद डीजीसीए ने एयरलाइन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। जांच और जवाब-तलब के बीच इंडिगो 9Indigo Airlines) ने बड़ी राहत योजना की घोषणा करते हुए कहा कि 3, 4 और 5 दिसंबर को रद्द हुई उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को सरकार के नियमों के अनुसार 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा। यह मुआवजा वही है जो DGCA के दिशा-निर्देशों के तहत उस स्थिति में देय होता है जब उड़ानें एयरलाइन की गलती से कैंसिल हों।

यात्रियों को अतिरिक्त ट्रैवल वाउचर
इंडिगो ने सिर्फ निर्धारित मुआवजे पर ही नहीं रुका बल्कि सबसे ज्यादा प्रभावित यात्रियों के लिए अतिरिक्त राहत का ऐलान किया है। एयरलाइन ने कहा कि वे यात्री जिनकी यात्रा योजनाएं एक से अधिक बार बदलनी पड़ीं, जिनकी उड़ानें बार-बार रीशेड्यूल हुईं या जिन्हें एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार सहना पड़ा, उन्हें 10,000 रुपये तक का ट्रैवल वाउचर भी दिया जाएगा।
यह वाउचर खास है क्योंकि इसे यात्री अगले 12 महीनों के भीतर कभी भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इंडिगो की किसी भी घरेलू उड़ान में या कंपनी के अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी इन वाउचर्स का उपयोग किया जा सकेगा। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है जिनकी यात्रा योजनाएं अचानक ठप पड़ गई थीं।
कैसे मिलेगा मुआवज़ा और वाउचर?
कंपनी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपने पंजीकृत ईमेल और मोबाइल नंबर चेक करते रहें क्योंकि मुआवज़ा और वाउचर की जानकारी उसी पर भेजी जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि जो यात्री मुआवजे के पात्र हैं, उन्हें DGCA के नियमों के अनुसार यह राशि दी जाएगी। मुआवजे की रकम फ्लाइट की दूरी, टिकट श्रेणी और हुई असुविधा के आधार पर तय की जाएगी।
भविष्य में स्थिति न दोहराने का भरोसा
वहीं रद्द उड़ानों की वजह से बने हालात पर इंडिगो ने आधिकारिक बयान जारी कर यात्रियों से माफी मांगी है। एयरलाइन ने कहा कि वह समझती है कि अचानक रद्द हुई उड़ानों ने यात्रियों को कठिन स्थिति में डाल दिया और कंपनी इसके लिए खेद व्यक्त करती है। साथ ही यह भी भरोसा दिया गया कि भविष्य में ऐसी स्थितियां न बनें, इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
कुल मिलाकर, दिसंबर के पहले हफ्ते में पैदा हुई अव्यवस्था के बाद इंडिगो का यह मुआवज़ा पैकेज यात्रियों के लिए राहत लेकर आया है। हालांकि सवाल यह भी है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द क्यों हुईं और क्या आने वाले समय में यात्रियों को ऐसी स्थिति से दोबारा नहीं गुजरना पड़ेगा, यही वह बिंदु है जिस पर अब सभी की नज़रें टिकी हैं।

