यात्रियों की आफत बनी इंडिगो, 8 एयरपोर्ट पर 100 से ज़्यादा उड़ानें प्रभावित
Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आप इंडिगो (IndiGo) से यात्रा करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए है। गुरुवार को देश के 8 बड़े एयरपोर्ट पर इंडिगो की 100 से ज़्यादा उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है। कहीं तकनीकी दिक्कतें सामने आईं तो कहीं एयरलाइन के पास क्रू मेंबर्स की कमी हो गई। सबसे ज़्यादा परेशानी हैदराबाद एयरपोर्ट पर देखी गई, जहाँ लंबे इंतज़ार से तंग आकर यात्रियों की इंडिगो कर्मचारियों से तीखी बहस भी हो गई।
क्या हैं रद्द उड़ानों के आंकड़े
सिर्फ गुरुवार ही नहीं, बल्कि बीते दो दिनों में कंपनी की 200 से ज़्यादा उड़ानें रद्द या प्रभावित हुई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, इनमें बेंगलुरु में 42, मुंबई में 33, दिल्ली में 38, अहमदाबाद में 25, इंदौर में 11, हैदराबाद में 19, सूरत में 8 और कोलकाता में 10 उड़ानें शामिल हैं।
इंडिगो एयरलाइन ने एक बयान जारी कर इस समस्या के लिए खराब मौसम, सिस्टम में गड़बड़ी और स्टाफ से जुड़े नए नियमों को ज़िम्मेदार ठहराया है। एयरलाइन ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगी है और भरोसा दिलाया है कि अगले 48 घंटों में उनका पूरा ऑपरेशन सामान्य हो जाएगा।
यात्रियों की इस बड़ी परेशानी को देखते हुए, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो के अधिकारियों को तुरंत तलब किया है। DGCA ने इंडिगो से पूछा है कि उड़ानों में इस रुकावट को कम करने की उनकी क्या योजना है और इस समस्या को जल्द से जल्द कैसे दूर किया जा सकता है।
Also Read: यूपी पंचायत चुनाव: ‘एकला चलो’ नीति पर कांग्रेस, सपा से अलग हुई राहें

