Lucknow News: बम की सूचना पर लखनऊ में इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बचे 238 यात्री

Lucknow News: दिल्ली से सिलीगुड़ी (बागडोगरा) जा रहे इंडिगो के एक विमान में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के अंदर बम होने की सूचना मिली। सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने विमान को तुरंत लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तरफ मोड़ा और इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

यह पूरा मामला इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6650 से जुड़ा है। विमान ने दिल्ली से अपनी उड़ान भरी ही थी कि तभी चालक दल (क्रू मेंबर्स) को टॉयलेट के अंदर एक टिश्यू पेपर मिला। इस टिश्यू पेपर पर विमान को बम से उड़ाने की धमकी लिखी हुई थी। धमकी देखते ही क्रू ने इसकी सूचना पायलट को दी, जिसके बाद बिना देरी किए लखनऊ एटीसी से संपर्क कर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी गई।

दोपहर करीब 12:55 बजे विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। लैंडिंग के तुरंत बाद प्रोटोकॉल के तहत जहाज को आइसोलेशन बे (सुरक्षित खाली स्थान) में ले जाया गया। विमान में उस समय 238 यात्री, पायलट और क्रू मेंबर सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल बिल्डिंग में ले जाया गया।

एसीपी रजनीश वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धमकी भरा संदेश टिश्यू पेपर पर लिखा मिला था। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDDS), सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की गहन तलाशी ली। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है।

Also Read: Kaisarganj News: कैसरगंज में महीने भर से जियो नेटवर्क गायब, लाखों उपभोक्ता बेहाल, व्यापारियों और छात्रों का फूटा गुस्सा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.