दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट (Indigo Flight- 6E 579) की इमरजेंसी लैंडिंग इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कराई गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान के इंजन में खराबी आ गई थी, जिसके बाद पायलट ने तुरंत एयरपोर्ट से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
कुछ ही मिनटों में सुरक्षित लैंडिंग
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, सुबह 10 बजकर 53 मिनट पर इमरजेंसी कॉल दी गई और 10 बजकर 59 मिनट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। यह विमान बोइंग 737 था, जिसमें कुल 161 यात्री सवार थे।
फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस रही तैनात
इमरजेंसी की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। रनवे 28 पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई और पूरे रनवे के आसपास फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एंबुलेंस तैनात कर दी गईं, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
सभी यात्री सुरक्षित
अग्निशमन विभाग के अनुसार, सभी 161 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही। वहीँ इस पूरे मामले पर एयरलाइन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Also Read: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ ने रचा इतिहास, रिकॉर्डतोड़ कमाई से इंडस्ट्री में हलचल

