इंडिगो पर चला केंद्र का ‘चाबुक’, फ्लाइट शेड्यूल में होगी बड़ी कटौती, स्लॉट काटने की तैयारी में सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस में हाल ही में बड़े पैमाने पर हुई फ्लाइट कैंसिलेशन और परिचालन अव्यवस्था के मद्देनजर केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने घोषणा की है कि परिचालन स्थिरता सुनिश्चित करने और यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए इंडिगो के सर्दियों के उड़ान शेड्यूल में कटौती की जाएगी, और एयरलाइन के कुछ स्लॉट अन्य एयरलाइंस को वितरित किए जाएंगे।
क्षमता में कटौती और यात्रियों को राहत
उड़ान कटौती: मंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में इंडिगो लगभग 2,200 दैनिक उड़ानें चला रही है, लेकिन सरकार “इसे निश्चित रूप से कम करेगी।” यह कार्रवाई 1 से 8 दिसंबर के बीच हुई हजारों फ्लाइट कैंसिलेशन, लंबे इंतजार और बैगेज में देरी जैसी समस्याओं के बाद की जा रही है। सरकार के अनुसार, इस अवधि में रद्द हुए 730,655 PNRs के लिए यात्रियों को ₹745 करोड़ वापस किए जा चुके हैं। एयरलाइन के पास फंसे लगभग 9,000 बैग में से 6,000 यात्रियों तक पहुंचा दिए गए हैं, और बाकी बैग मंगलवार तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आज (मंगलवार) सभी एयरलाइन ऑपरेटर्स की एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में निम्नलिखित प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
जिसमें इंडिगो का परिचालन कब और कैसे सामान्य होगा। यात्री देखभाल और रिफंड प्रक्रिया की समीक्षा। एयरफेयर कैपिंग पर अपडेट। भविष्य में ऐसी अव्यवस्था रोकने के उपाय। स्लॉट वितरण और अन्य एयरलाइंस को नई क्षमता देने पर निर्णय शामिल है।
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू कल 12 बजे इस इंडिगो संकट पर लोकसभा में जवाब देंगे। इस संकट के कारण पिछले सात दिनों में इंडिगो के शेयर लगभग 17% गिर गए हैं, जिससे इसकी मार्केट वैल्यू $4.3 अरब कम हो गई है।
Also Read: यूपी में एक और एनकाउंटर: शामली में 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश समयदीन ढेर

