लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानें अचानक रद्द, यात्रियों ने काटा हंगामा; कई शहरों में सेवा प्रभावित
Sandesh Wahak Digital Desk: गुरुवार को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो (IndiGo) एयरलाइन की कई उड़ानें अचानक रद्द हो जाने से यात्रियों ने भारी हंगामा किया। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन ने फ्लाइट कैंसिल होने की कोई अग्रिम सूचना (Advance Notice) नहीं दी, जिसके कारण उन्हें एयरपोर्ट पर घंटों तक इंतजार करना पड़ा और वे भारी परेशानी में फंस गए।
कई शहरों में यात्री परेशान
इंडिगो की सेवाओं में व्यापक देरी और लगातार रद्दीकरण से देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्री प्रभावित हुए हैं। लखनऊ में कई उड़ानें अचानक रद्द हुईं, जिससे यात्रियों ने एयरलाइन के ख़िलाफ़ विरोध दर्ज कराया। इसके अलावा जम्मू से दिल्ली जाने वाली एक उड़ान में चार घंटे से अधिक की देरी हुई।
पुणे एयरपोर्ट पर भी स्थिति तनावपूर्ण दिखी। यात्री सतीश काले ने बताया कि उनकी सुबह 7 बजे की फ्लाइट थी, जिसके देरी या रद्दीकरण की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कहा, “एयरपोर्ट पूरा भरा पड़ा है। लोगों को पहले से सूचना मिलनी चाहिए थी।” एक अन्य यात्री ने बताया कि पहले मुंबई से कोलकाता की सीधी उड़ान रद्द हुई, फिर चेन्नई होते हुए भेजा गया, और अब पोर्ट ब्लेयर से कोलकाता वाली फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है।
सरकार से हस्तक्षेप की मांग
यात्रियों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि उनकी उड़ानें आज जा पाएंगी या नहीं। कई यात्रियों ने अपनी परेशानी व्यक्त करते हुए सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि एयरलाइन के संचालन को सामान्य किया जा सके। एयरलाइन की ओर से अभी तक उड़ानों के सामान्य होने की कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं दी गई है।
Also Read: नवनीत सहगल ने प्रसार भारती के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा, क्या संभालेंगे नई जिम्मेदारी?

