खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, गार्ड गंभीर रूप से घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना का सबसे बड़ा और प्रमुख एजुकेशन हब मुसल्लहपुर हाट बीती रात गोलियों की गूंज से दहल उठा। बेखौफ अज्ञात हमलावरों ने देश के मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के ठीक बाहर दुस्साहस दिखाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले में वहां तैनात एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जो खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा। इस सनसनीखेज वारदात के बाद जहां पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं अपने पसंदीदा शिक्षक और संस्थान की सुरक्षा को लेकर हजारों छात्र सहमे हुए हैं।

सुबह उमड़ा छात्रों का सैलाब, छावनी में बदला इलाका

रात में हुई इस खौफनाक वारदात का असर बुधवार सुबह साफ देखने को मिला। जैसे ही खान सर के कोचिंग के बाहर गोलीबारी की खबर फैली, मुसल्लहपुर हाट में हजारों छात्रों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवाओं में कानून-व्यवस्था के खिलाफ भारी नाराजगी और अपने भविष्य को लेकर गहरा डर दिखा। छात्रों के आक्रोश और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पूरा कोचिंग इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है।

कोचिंग माफियाओं के आपसी टकराव की बू

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के एसएसपी, एसपी और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच और स्थानीय इनपुट्स के मुताबिक, इस पूरी साजिश के पीछे शिक्षा जगत में सक्रिय कोचिंग माफियाओं के आपसी टकराव और रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले में इलाके के ही एक अन्य कोचिंग संस्थान पर सीधे तौर पर उंगली उठ रही है। पुलिस इस बिंदु पर बेहद गंभीरता से जांच कर रही है कि क्या छात्रों के भविष्य संवारने वाले इन शिक्षा के मंदिरों के पीछे कोई खूनी गैंगवार पैर पसार रहा है?

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की संवेदनशीलता पर बात करते हुए पटना की एसपी सिटी (सेंट्रल) दीक्षा ने बताया कि पुलिस हर एक इनपुट को बारीकी से वेरीफाई कर रही है। पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हमलावरों का सुराग लगाने के लिए कोचिंग संस्थान और आसपास की दुकानों में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

एसपी सिटी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि फायरिंग में घायल सुरक्षा गार्ड को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की एक टीम अस्पताल में घायल गार्ड का बयान दर्ज करने का प्रयास कर रही है ताकि हमलावरों के हुलिए और वारदात की कड़ियों को जोड़ा जा सके। प्रशासन ने छात्रों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है, लेकिन शिक्षा के केंद्र पर सरेआम बहे इस खून ने पूरे पटना के अभिभावकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को झकझोर कर रख दिया है।

Also Read: कर्नाटक में आज DK की ताजपोशी, सिद्धारमैया-खरगे के बेटों को मिल सकती है कैबिनेट में जगह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.