UP में विकास को रफ्तार, 9 जिलों में लगेंगी 12 औद्योगिक इकाइयां
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश (UP) में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मिर्जापुर और हरदोई समेत राज्य के नौ जिलों में 12 नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इन परियोजनाओं के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में कुल 15,189 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस प्रस्ताव को योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई। यह स्वीकृति उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति के तहत उच्च स्तरीय प्राधिकृत समिति की संस्तुति के आधार पर दी गई है।
मिर्जापुर से लेकर मेरठ तक उद्योगों का विस्तार
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने जानकारी दी कि अर्थस्टार वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड मिर्जापुर में 549.26 करोड़ रुपये की लागत से आयरन एवं स्टील प्लांट लगाएगी। बुलंदशहर के सिकंदराबाद में अपोलो कोटेड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड 350 करोड़ रुपये की लागत से कोल्ड रोलिंग मिल स्थापित करेगी। हरदोई में हल्दीराम स्नैक्स मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड 349.27 करोड़ रुपये से स्नैक्स प्लांट लगाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

रायबरेली, ग्रेटर नोएडा और सोनभद्र में बड़े प्रोजेक्ट
रायबरेली में श्री भवानी पेपर मिल्स लिमिटेड 305 करोड़ रुपये की लागत से पेपर मिल लगाएगी। वहीं ग्रेटर नोएडा में ड्रीमटेक इलेक्ट्रानिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड 414.88 करोड़ रुपये से प्रिंटेड सर्किट बोर्ड प्लांट स्थापित करेगी। सोनभद्र में एसीसी लिमिटेड सलाई बनवा ग्रीनफील्ड ग्राइंडिंग यूनिट के तहत 803 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट फैक्ट्री लगाएगी। इन सभी परियोजनाओं को लेटर ऑफ कंफर्ट जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
मेरठ में सोलर मैन्युफैक्चरिंग पार्क को मंजूरी
मेरठ में एनएसएल रिन्यूएबल पावर प्राइवेट लिमिटेड 4,499.51 करोड़ रुपये की लागत से सोलर इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग पार्क स्थापित करेगी। यह परियोजना राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती देने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार सृजन का माध्यम बनेगी।

अलीगढ़, गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर में नई इकाइयां
सरकार ने अलीगढ़ के कासिमपुर में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड को 628 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट फैक्ट्री लगाने की मंजूरी दी है। गौतमबुद्धनगर के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अम्बर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड 3.53 करोड़ रुपये की लागत से उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स प्लांट स्थापित करेगी। इसी जिले में एसेंटके सर्किट 3.25 करोड़ रुपये से पीसीवी और सेमीकंडक्टर प्लांट लगाएगी। मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र में स्वरूप स्टील इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड 266.70 करोड़ रुपये से टीएमटी स्टील्स प्लांट शुरू करेगी, जबकि अम्बा शक्ति स्टील्स 241.50 करोड़ रुपये की लागत से स्टील उत्पादन करेगी। इन सभी परियोजनाओं को भी लेटर ऑफ कंफर्ट जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
आजमगढ़ में नई आवासीय योजना को मंजूरी
कैबिनेट बैठक में औद्योगिक निवेश के साथ-साथ शहरी विकास से जुड़ा एक अहम फैसला भी लिया गया। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत आजमगढ़ विकास प्राधिकरण को नई आवासीय योजना लाने के लिए 100 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। यह योजना कोटिला परगना निजामाबाद क्षेत्र में लाई जाएगी। इसके लिए कुल 194 करोड़ रुपये की भूमि अधिग्रहण लागत आंकी गई है, जिसमें से 100 करोड़ रुपये पहली किस्त के रूप में सीड कैपिटल के तौर पर दिए गए हैं।

सीड कैपिटल योजना से शहरी विकास को बढ़ावा
राज्य सरकार के अनुसार आवासीय योजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण पर आने वाले खर्च का 50 प्रतिशत तक हिस्सा विकास प्राधिकरणों को सीड कैपिटल के रूप में दिया जा रहा है। यह राशि अधिकतम 20 वर्षों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके बाद विकास प्राधिकरणों को इसे राज्य सरकार को वापस करना होगा। इस फैसले से न केवल शहरी विस्तार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आवासीय सुविधाओं के विकास में भी तेजी आएगी।
निवेश और रोजगार के नए अवसर
इन फैसलों के जरिए योगी सरकार का फोकस प्रदेश में औद्योगिक आधार को मजबूत करने, बड़े निवेश को आकर्षित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर है। नौ जिलों में प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयां और आजमगढ़ की नई आवासीय योजना उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाली मानी जा रही हैं।
Also Read: CCTV के जाल में फंसा शातिर चोर, 100 कैमरों की फुटेज खंगालकर लखनऊ पुलिस ने बरामद की चोरी की DCM

