दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम के साथ दरिंदगी! मारपीट और निजी अंगों से छेड़छाड़, 4 पर केस
Delhi Crime News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके के एक प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट और यौन उत्पीड़न (Sexual Abuse) का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चे के पिता का आरोप है कि स्कूल में उनके बेटे को प्रताड़ित किया गया और घंटों कुर्सी से बांधकर रखा गया।
मामले में जाफराबाद पुलिस (Jafrabad Police) ने स्कूल की निदेशिका, प्रधानाचार्या, शिक्षिका और आया के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और बीएनएस (BNS) की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बच्चे के व्यवहार से हुआ शक, CCTV मांगने पर टालमटोल का आरोप
बच्चे के पिता के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उनका बेटा रात में सो नहीं पा रहा था और टॉयलेट जाने से भी घबरा रहा था। डॉक्टर को दिखाने पर उसके दोनों कान के पर्दों में भारी सूजन मिली। डॉक्टरों ने मारपीट से चोट लगने की आशंका जताई।
इसके बाद पिता ने स्कूल की निदेशिका से सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) दिखाने को कहा। आरोप है कि निदेशिका ने पहले कैमरे खराब होने समेत कई बहाने बनाए और अगले दिन आने को कहा। पिता का दावा है कि अगले दिन उनसे 1500 रुपये लेने के बाद फुटेज दिखाने की बात मानी गई।
फुटेज देखने के बाद पिता के होश उड़ गए। उनके मुताबिक, वीडियो में बच्चे का कान पकड़कर पिटाई की जा रही थी। उसे घंटों कुर्सी से बांधकर रखने, लात मारकर कुर्सी से गिराने और खाना छीनने के दृश्य भी दिखे।
परिजनों का आरोप है कि एक अन्य फुटेज में स्कूल की आया बच्चे के निजी अंगों के साथ गलत हरकत करती दिखाई दी। परिवार के मुताबिक, इसी वजह से बच्चा टॉयलेट जाने से डरने लगा था।
निदेशिका के जवाब ने बढ़ाया विवाद, पुलिस ने दर्ज किया केस
बच्चे के पिता का आरोप है कि जब उन्होंने निदेशिका से इस मामले की शिकायत की तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि बच्चे तो रोज पीटे जाते हैं, जो करना है कर लो। परिवार के मुताबिक, स्कूल के दूसरे स्टाफ ने भी बच्चे में ही कमियां बताने की कोशिश की।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्चे का मेडिकल परीक्षण (Medical Examination) कराया, जिसमें आंख के पास और जांघ पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने स्कूल की CCTV फुटेज भी जब्त कर ली है।
जाफराबाद पुलिस ने स्कूल की निदेशिका, प्रधानाचार्या, शिक्षिका और आया, चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में CCTV फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: बच्चों के सामने गला घोंटकर पत्नी की हत्या, फिर शव फंदे पर लटकाकर रची आत्महत्या की कहानी

