बागपत DM अस्मिता लाल का प्रेरक कदम, IAS अफसर ने दान की अपनी आंखें
Sandesh Wahak Digital Desk: बागपत की जिलाधिकारी (DM) और भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी अस्मिता लाल ने मरणोपरांत नेत्रदान करने का संकल्प लेकर मानवता की एक अनूठी मिसाल कायम की है। ऐसा करने वाली वह पहली आईएएस अधिकारी बन गई हैं, जिन्होंने बिना किसी औपचारिकता के यह साहसिक और संवेदनशील निर्णय लिया है।
बिना प्रचार के भरा संकल्प पत्र
डीएम अस्मिता लाल खेकड़ा कस्बे में एडीके जैन नेत्र अस्पताल के 6वें फाउंडेशन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। अस्पताल का निरीक्षण करने और नेत्र स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को समझने के दौरान, जब एक साधारण मेज पर रखा नेत्रदान संकल्प पत्र उनके सामने आया, तो उन्होंने तुरंत मरणोपरांत अपने नेत्रदान का संकल्प भर दिया।
उन्होंने अपने इस निजी और मानवीय निर्णय को मीडिया या प्रचार का विषय नहीं बनने दिया। इसकी आधिकारिक जानकारी जिला सूचना विभाग के मीडिया सेल द्वारा साझा की गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब सराहना हो रही है।
प्रशासनिक जगत में नई मिसाल
डीएम अस्मिता लाल के इस कदम को लोगों ने “मानवता की रोशनी” और “जीवन देने वाला निर्णय” कहकर सराहा है। यह फैसला न केवल साहसिक है, बल्कि प्रशासनिक जगत में एक मिसाल भी है, जो समाज को यह संवेदनशील संदेश देता है कि पद से बड़ी सोच होती है।
Also Read: Cough syrup syndicate : बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी, जांच तेज

