Bareilly News: डीएम ने केसर चीनी मिल की नीलामी में बेहतर मूल्य के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
Bareilly News: जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज तहसील बहेड़ी के गन्ना किसानों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने कृषक बंधुओं के साथ वार्ता कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली और सम्बंधित अधिकारियों को उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बैठक में किसान बंधुओं द्वारा जब तक केसर चीनी मिल की नीलामी के उपरांत उनका गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो जाता है तब तक बच्चों की स्कूल फीस तथा बैंकों की लोन की किस्त माफ कराने का अनुरोध किया गया।
बैठक में बताया गया कि केसर चीनी मिल की पुनः नीलामी में बेहतर मूल्य प्राप्त हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। इसके लिए पम्फलेट छपवाकर वितरित किए जाएंगे तथा समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से नीलामी का प्रचार किया जाएगा। जनपद के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर होर्डिंग्स लगवाने के साथ ही जनपद एवं प्रदेश से बाहर भी प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक व्यक्ति नीलामी प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकें।

जिलाधिकारी ने कृषक बन्धुओं से अनुरोध किया कि वह भी ज्यादा से ज्यादा केसर चीनी मिल का प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिकांश संख्या में इच्छुक व्यक्ति नीलामी में शामिल हो सकें। उन्होंने चीनी मिल के आसपास साफ-सफाई कराने तथा पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए, जिससे नीलामी में रुचि रखने वाले व्यक्ति भूमि एवं परिसर की उपयोगिता को बेहतर ढंग से देख सकें।
बैठक में गन्ना किसानों ने अनुरोध किया कि बहेड़ी शुगर मिल क्षेत्र का गन्ना किन-किन चीनी मिलों को भेजा जाएगा, इसकी कार्ययोजना पहले से तैयार कर ली जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी(वि/रा) संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी बहेड़ी गोपाल शर्मा, तहसीलदार बहेड़ी, उपायुक्त गन्ना, जिला गन्ना अधिकारी, कृषक बन्धुगण सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: डेंगू में ब्रेन स्ट्रोक का कितना खतरा? जानें प्लेटलेट्स कम होने से क्या है कनेक्शन

