एटा में इंटर कॉलेज क्लर्क की हत्या, प्रिंसिपल के कार की डिक्की से मिला शव

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक इंटर कॉलेज के क्लर्क की ईंट से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक क्लर्क का शव कॉलेज के ही प्रिंसिपल की कार की डिक्की से बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके से आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने रोकी कार 

पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना पटियाली क्षेत्र के दरियावगंज रोड पर एक कार में संदिग्ध हालत में शव ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर इंटर कॉलेज जैथरा के क्लर्क राहुल पांडेय (35 वर्ष) का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मृतक के परिजनों और जैथरा कोतवाली को सूचना दी। परिजनों ने कॉलेज के प्रिंसिपल पर हत्या और शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है।

छुट्टी के दिन बुलाकर हत्या का आरोप

मृतक राहुल एटा के कसेला गांव स्थित माधवनंद इंटर कॉलेज में क्लर्क थे। बताया जा रहा है कि कॉलेज में पीएफ फंड के कागजों को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को छुट्टी के दिन भी प्रिंसिपल ने राहुल को कॉलेज बुलाया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटे और उनकी तलाश शुरू हुई। रात में उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई थी।

परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर जैथरा थाने में मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ईंट से कूचकर हत्या की बात सामने आई है। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। राहुल अपने पीछे पत्नी और ढाई साल की बेटी को छोड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.