Lucknow News: अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़, एसटीएफ ने बरामद किए 197 दुर्लभ कछुए, दो गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर चल रही वन्यजीव तस्करी का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने गत रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मैनपुरी में एक कार से 197 जिंदा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित प्रजाति के कछुए बरामद किए हैं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
एसटीएफ को पहले से ही मिल रही जानकारियों के आधार पर पता चला था कि इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद के इलाकों से दुर्लभ प्रजाति के कछुओं को इकट्ठा करके उत्तराखंड ले जाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ की एक टीम ने मैनपुरी के नगला करनाई इलाके में वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक सिल्वर रंग की हुंडई सेंट्रो कार (यूके-04-जी-1573) पर शक होने पर उसे रोका गया। कार को चेक करने पर पांच जूट के बोरों में कुल 197 जिंदा कछुए मिले।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी राकेश कश्यप बरेली और मुकेश वाला उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के रहने वाले हैं। पूछताछ में मुकेश वाला ने बताया कि वह मैनपुरी और आसपास के इलाकों से इन कछुओं को सस्ते दामों पर खरीदकर उत्तराखंड के सितारगंज ले जा रहा था, जहाँ इन्हें दोगुने दामों पर बेचा जाना था। फरार हुए दो अन्य साथियों के नाम अशोक और कालीचरण बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मैनपुरी के क्षेत्रीय वन अधिकारियों को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता दर्ज की है और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ऐसे गिरोहों पर नकेल कसने का काम किया है।
Also Read: सोनभद्र: चोरी के आरोपी को मिली सशर्त ज़मानत, न्यायालय ने दिया ‘देश न छोड़ने’ का आदेश

