दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ISI से जुड़े इंटरनेशनल हथियार तस्कर गिरोह का किया भंडाफोड़, 10 विदेशी पिस्टल जब्त
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने एक बड़े इंटरनेशनल हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह सीधे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े लोगों के इशारे पर काम कर रहा था और चीन एवं तुर्की में बने हाई-एंड पिस्टल भारत में सप्लाई कर रहा था।
इन हथियारों के किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल होने से पहले ही क्राइम ब्रांच ने तस्करों को धर दबोचा। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह के 4 अहम सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 विदेशी महंगी पिस्टल और 92 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। ये घातक हथियार दिल्ली और आसपास के राज्यों में सक्रिय बदमाशों और गैंगस्टरों तक पहुँचाए जा रहे थे।
ISI के इशारे पर हो रही थी तस्करी
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के अनुसार, तस्करी का यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान आईएसआई से जुड़े लोगों के इशारे पर संचालित हो रहा था। पहले इन हथियारों को पाकिस्तान पहुँचाया जाता था, और फिर वहाँ से तस्करी कर भारतीय सीमा के अंदर लाया जाता था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक ये लोग कितने हथियार भारत में बेच चुके हैं और किन-किन गैंग्स तक ये असलहे पहुँचे हैं।
जाँच एजेंसियाँ मोबाइल, बैंक डिटेल और सोशल मीडिया की मदद से गिरोह के बाकी सदस्यों और उनके लिंक की भी गहराई से पड़ताल कर रही हैं। यह गिरफ्तारी 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए धमाके (जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी) के बाद सामने आई है। इस घटना के बाद एजेंसियों ने अपनी निगरानी और पैनी कर दी है और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।

