जीत के बाद बोले तारिक रहमान, अब देश को तानाशाही या गुलामी की बेड़ियों में नहीं रहने देंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश संसदीय चुनावों में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने इस जीत को किसी पार्टी की जीत नहीं, बल्कि बांग्लादेश की आम जनता और कुचले गए लोकतंत्र की जीत बताया।

बांग्ला भाषा में देशवासियों को संबोधित करते हुए तारिक रहमान ने कहा, यह जीत हर उस बांग्लादेशी की है जिसने लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष किया। पिछले कुछ वर्षों में संविधान और लोकतांत्रिक सिद्धांतों की जिस तरह अनदेखी की गई, जनता ने उसका करारा जवाब दिया है। अब देश में एक ऐसी सरकार और संसद होगी जो सीधे जनता के वोटों से चुनी गई है और उनके प्रति पूरी तरह जवाबदेह होगी।

रहमान ने भविष्य की चुनौतियों पर बात करते हुए कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में कोई भी बुरी ताकत देश में फिर से तानाशाही न ला सके। उन्होंने कहा, हमारे रास्ते और विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन देश के हित में हमें एक होना होगा। हमारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई सरकार पूरे देश में कानून का राज और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करेगी।

मां खालिदा जिया को किया याद

विदेशी पत्रकारों से बात करते हुए तारिक रहमान भावुक भी हुए। उन्होंने अपनी मां और देश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को याद करते हुए कहा कि आज इस ऐतिहासिक मोड़ पर पूरा देश उन्हें बहुत याद कर रहा है। उन्होंने बीएनपी पर भरोसा जताने के लिए नागरिकों का आभार व्यक्त किया और वादा किया कि उनकी सरकार सभी के विकास के लिए बिना थके काम करेगी।

चुनावी नतीजों पर एक नजर

12 फरवरी को हुए मतदान के बाद घोषित परिणामों ने बीएनपी को सत्ता की चाबी सौंप दी है।

कुल सीटें: 297 (जिन पर परिणाम घोषित हुए)

बीएनपी (BNP): 209 सीटें (सबसे बड़ी पार्टी)

गठबंधन की कुल सीटें: 212

Get real time updates directly on you device, subscribe now.