भारत में 100 करोड़ से ज़्यादा लोग हुए इंटरनेट यूजर्स, ब्रॉडबैंड ने बढ़ाई रफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों की संख्या ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। सरकार द्वारा जारी किए गए आँकड़ों के अनुसार, 30 जून, 2025 तक देश में इंटरनेट ग्राहकों की संख्या 1 अरब (1,002.85 मिलियन) को पार कर गई है। यह संख्या पिछली तिमाही के मुकाबले 3.48% अधिक है।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस एक अरब से ज़्यादा इंटरनेट ग्राहकों में से 95.81 करोड़ लोग वायरलेस कनेक्शन (मोबाइल इंटरनेट) का इस्तेमाल करते हैं, जबकि केवल 4.47 करोड़ ग्राहकों के पास वायर्ड कनेक्शन है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इंटरनेट ग्राहकों की यह बढ़त मुख्य रूप से ब्रॉडबैंड के कारण हुई है। ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 3.77% बढ़कर 97.97 करोड़ हो गई है, जबकि नैरोबैंड (धीमे इंटरनेट) का इस्तेमाल करने वाले ग्राहक अब केवल 2.31 करोड़ रह गए हैं। शहरी इलाकों में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों की संख्या लगभग 57.94 करोड़ है। ग्रामीण इलाकों में यह संख्या 42.33 करोड़ है।
कुछ अन्य अहम आँकड़े
कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या 1.46% बढ़कर 1.21 अरब तक पहुँच गई है।
देश का कुल दूरसंचार घनत्व (Telecom Density) भी बढ़कर 86.09% हो गया है।
वायरलेस सेवाओं से प्रति ग्राहक औसत मासिक आय (ARPU) 186.62 रुपये है।
औसतन एक वायरलेस ग्राहक हर महीने 16.76 घंटे इंटरनेट का इस्तेमाल करता है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अब तक लगभग 912 निजी सैटेलाइट टीवी चैनलों को भारत में प्रसारण के लिए अनुमति दी है।
Also Read: आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना हमारा कर्तव्य है: पीएम मोदी

