अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का सदस्य लखनऊ में गिरफ्तार, लाखों की कोकीन और मेफेड्रान बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मंगलवार (6 मई) को अंतर्राज्यीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से लगभग 25 ग्राम कोकीन, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपये है, और 50 ग्राम सिंथेटिक ड्रग्स मेफेड्रान (MD), जिसका अंतर्राष्ट्रीय मूल्य लगभग 5 लाख रुपये है, बरामद किया गया है।

बरामदगी का विवरण

  • 50 ग्राम मादक पदार्थ मेफेड्रान (MD) (अंतर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 05 लाख रुपये)
  • 25 ग्राम कोकीन (अंतर्राष्ट्रीय कीमत लगभग 25 लाख रुपये)
  • 02 अदद एटीएम कार्ड
  • 01 अदद आधार कार्ड
  • 01 अदद ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल)
  • 01 अदद मोबाइल फोन
  • 1,020/- रुपये नकद

एसटीएफ की टीम ने अभियुक्त प्रेम बाबू को थाना गाजीपुर क्षेत्र के सेक्टर-8, प्रेरणा पार्क के सामने, रेडियो कॉलोनी, लखनऊ से दिनांक मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया गया।

STF की कार्रवाई

एसटीएफ, उत्तर प्रदेश को पिछले काफी दिनों से लखनऊ और आसपास के विभिन्न जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों और तस्करों के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इस संबंध में एसटीएफ की विभिन्न इकाइयों और टीमों को खुफिया जानकारी जुटाने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक, यूपी एसटीएफ, अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में खुफिया जानकारी एकत्र करने का कार्य किया जा रहा था। निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में मु०आ० रमाशंकर चौधरी, शैलेन्द्र उपाध्याय, सुरज कुमार, चेतन सिंह, सुनील मिश्र, और आरक्षी सुधीर कुमार की एसटीएफ लखनऊ की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी।

इस दौरान, विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि जनपद लखनऊ में ड्रग्स तस्करी करने वाले गिरोह का एक सदस्य सेक्टर-8 में प्रेरणा पार्क के पास मौजूद है। इस सूचना पर एसटीएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेडियो कॉलोनी थाना क्षेत्र गाजीपुर, लखनऊ के सामने से अभियुक्त प्रेम बाबू को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से उपरोक्त मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद हुए।

पूछताछ में खुलासा

गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है जो अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करता है। उसने बताया कि वह पहले लखनऊ के एक होटल में काम करता था, जहाँ वह मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के संपर्क में आया। इसके बाद, वह नई दिल्ली के पालमपुर से एक नाइजीरियाई व्यक्ति से कोकीन और मेफेड्रान (MD) लाकर लखनऊ में सप्लाई करने लगा। उसने यह भी बताया कि 6 मई की सुबह वह फ्लाइट से दिल्ली गया था और वहाँ से मादक पदार्थ लेकर बस द्वारा लखनऊ लौटा था।

कानूनी कार्रवाई

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना गाजीपुर, जनपद लखनऊ में मु०अ०सं० 151/2025 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी।

Also Read: पराक्रमो विजयते… ऑपरेशन सिंदूर पर सामने आया अखिलेश यादव का पहला रिएक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.