प्रयागराज में 2.50 करोड़ की GST चोरी की जांच पहुंची मेरठ, क्राइम ब्रांच ने खोले बड़े राज
Prayagraj news: प्रयागराज में सामने आए 2.50 करोड़ रुपये की GST चोरी के मामले की जांच अब मेरठ तक पहुंच गई है। बैंक खातों की पड़ताल के दौरान जांच एजेंसियों को मेरठ से जुड़े अहम सुराग मिले, जिसके बाद प्रयागराज क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को शहर के कई इलाकों में दबिश दी। हालांकि मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा, लेकिन उसके परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई है।
यह मामला प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में दर्ज एक फर्जी फर्म से जुड़ा है, जिसके जरिए करोड़ों रुपये के फर्जी कारोबार और GST इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दावा किए जाने का आरोप है।
फर्जी फर्म बनाकर 2.50 करोड़ रुपये का GST क्लेम
सहायक आयुक्त, विशेष अनुसंधान शाखा (राज्य कर) की शिकायत पर 11 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि 10 मई 2025 को ‘विशाल ट्रेडर्स’ नाम से एक फर्म का पंजीकरण कराया गया और वर्ष 2025-26 के दौरान करीब 13.93 करोड़ रुपये का कारोबार दिखाकर 2.50 करोड़ रुपये का GST क्लेम किया गया।
जांच में पता चला कि फर्म का कोई वास्तविक अस्तित्व नहीं था। दस्तावेजों में हरियाणा के फरीदाबाद का आधार कार्ड लगाया गया था, जबकि व्यापारिक पता प्रयागराज का दिखाया गया। इसके बाद मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।
बैंक खातों से खुला मेरठ का लिंक
मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर अरुण कुमार मिश्रा ने जब पैसों के लेनदेन की पड़ताल की तो बैंक खातों के जरिए मेरठ का कनेक्शन सामने आया। जांच में पता चला कि रकम का एक हिस्सा लिसाड़ी गेट के अहमदनगर निवासी आजम के बैंक खाते में पहुंचा था। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में आई।
इसी सुराग के आधार पर प्रयागराज क्राइम ब्रांच की टीम मेरठ पहुंची और अहमदनगर गली नंबर-3 समेत कई स्थानों पर दबिश दी।
आरोपी नहीं मिला, परिजनों से पूछताछ
छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस को नहीं मिला। टीम ने उसके परिजनों से पूछताछ की और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी जांच की। अधिकारियों का कहना है कि मामले में बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच जारी है।
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोखले ने बताया कि प्रयागराज में दर्ज GST चोरी के मुकदमे की जांच के सिलसिले में क्राइम ब्रांच की टीम मेरठ आई थी। आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे नहीं मिले। मामले की जांच अभी जारी है।
Also Read: Prayagraj News: ठाणे का वांटेड बदमाश प्रशांत विश्वकर्मा प्रयागराज से गिरफ्तार

