दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में जांच के आदेश, अब तक 3 की मौत, 4 लोग गंभीर रूप से घायल
Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन (Satya Niketan) में रविवार को हुए बिल्डिंग हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। PG के तौर पर इस्तेमाल हो रही पांच मंजिला इमारत दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के बाद पुलिस, दमकल और आपदा राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के अलावा पांच ऊपरी मंजिलें थीं। हादसे के वक्त बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। घटना के बाद छह लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद जांच के आदेश
Delhi Building Collapse मामले में अब जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। अधिकारियों की ओर से इमारत की संरचनात्मक स्थिति, बेसमेंट में चल रहे काम और निर्माण नियमों के पालन समेत अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जानकारी में बेसमेंट में चल रहे काम को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इमारत गिरने की अंतिम वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस, NDRF, DDMA और CATS की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे को हटाकर लोगों की तलाश की गई। इलाके की संकरी गलियों के कारण राहत और बचाव अभियान में चुनौती भी सामने आई। सत्य निकेतन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित है और यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं।
बेसमेंट के काम की भी होगी जांच
जांच में यह भी देखा जाएगा कि बेसमेंट में किस तरह का काम चल रहा था और उसके लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं। इमारत की उम्र और उसकी सुरक्षा स्थिति से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा सकते हैं। अधिकारियों ने जिम्मेदारी तय होने पर कार्रवाई की बात कही है।
फिलहाल हादसे (Delhi Building Collapse) के बाद प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को खत्म करना और घायलों को इलाज उपलब्ध कराना है। जांच आगे बढ़ने के साथ यह साफ होने की उम्मीद है कि आखिर पांच मंजिला इमारत अचानक कैसे ढह गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
Also Read: केरल के त्रिशूर में सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकराई कार, इंजीनियरिंग के 8 छात्रों की मौत

