म्यूचुअल फंड में निवेश अब पोस्ट ऑफिस से भी, घर-घर पहुंचेंगे पोस्टमैन

Sandesh Wahak Digital Desk: देश में म्यूचुअल फंड के निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। अब आप पोस्ट ऑफिस (डाकघर) से भी म्यूचुअल फंड खरीद सकेंगे। इसके लिए एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) और इंडिया पोस्ट के बीच एक समझौता हुआ है। इस कदम का मकसद छोटे शहरों और गाँवों के लोगों को भी निवेश से जोड़ना है।

इस समझौते के तहत, अगले तीन सालों में लगभग एक लाख पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों को म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर यानी वितरक बनने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसका मतलब है कि वही पोस्टमैन जो आपके घर चिट्ठियाँ और पार्सल पहुँचाते हैं, अब वे आपको म्यूचुअल फंड के बारे में जानकारी भी देंगे और निवेश करने में आपकी मदद भी करेंगे।

पहले चरण में 4 राज्यों से होगी शुरुआत

AMFI के CEO वेंकट एन चलासानी ने बताया कि इस योजना की शुरुआत पहले चार राज्यों से की जाएगी बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और मेघालय। इन राज्यों में युवाओं और कॉलेज स्टूडेंट्स को भी ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे म्यूचुअल फंड वितरक बन सकें। इस साल करीब 20,000 नए वितरक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

गाँवों तक पहुंचेगी निवेश की सुविधा

भारत में SIP (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) के ज़रिए म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों की संख्या बढ़ी है, लेकिन अभी भी ग्रामीण और छोटे शहरों में इसकी पहुँच काफी कम है। सरकार का मानना है कि पोस्ट ऑफिस एक ऐसा संस्थान है, जिस पर लोगों का बहुत भरोसा है और इसकी मौजूदगी देश के हर कोने में है। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए अब म्यूचुअल फंड की सुविधा गाँव-गाँव तक पहुँचाई जाएगी। इससे लाखों लोगों को वित्तीय सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए निवेश करने का मौका मिलेगा।

Also Read: Lucknow News: अखिलेश यादव ने BJP पर लगाया आरोप, पूजा पाल के अगले कदम पर अटकलें तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.