यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में तेज हुई निवेश की रफ्तार, तीन कंपनियों को भूमि आवंटित

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में तीन बड़ी कंपनियों को भूमि आवंटित की गई है। यह आवंटन इन्वेस्ट यूपी की संस्तुति पर किया गया है, जिससे प्रदेश में निवेश का वातावरण और मजबूत हुआ है। इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में 3,400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने के साथ ही 5,700 से ज्यादा लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती

एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां कंपनी ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में लगभग 2,029 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इसके माध्यम से करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह इकाई प्रदेश में कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को नई दिशा देने का कार्य करेगी।

कृषि मशीनरी निर्माण को बढ़ावा

सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि दी गई है, जहां कंपनी ट्रैक्टर निर्माण यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में 1,219.81 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 1,200 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस निवेश से उत्तर प्रदेश को कृषि मशीनरी निर्माण के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होने में मदद मिलेगी।

फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को मिलेगा बल

सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 30,000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है, जहां कंपनी ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 225.16 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और 569 लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।

मजबूत हुआ औद्योगिक हब

प्रदेश में बढ़ते निवेश को योगी सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों, सिंगल विंडो सिस्टम और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर का परिणाम माना जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र तेजी से एक प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो रहा है, जहां बड़ी कंपनियां निवेश के लिए आगे आ रही हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलेगी।

ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम

उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में हो रहा यह निवेश उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

 

Also Read: उत्तर प्रदेश की नई वित्तीय नीति, टैक्स से सीधे जनहित तक हर रुपये का तय हो रहा उद्देश्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.