IPL 2025: रोहित-विराट नहीं, इस खिलाड़ी की वजह से कमेंट्री पैनल से हटाए गए थे इरफान पठान
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान हाल ही में तब सुर्खियों में आए, जब उन्हें अचानक IPL 2025 के कमेंट्री पैनल से बाहर कर दिया गया।
पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि उनके हटने के पीछे शायद रोहित शर्मा या विराट कोहली का हाथ हो सकता है। लेकिन अब इरफान ने खुद इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ी है और एक साक्षात्कार में बताया कि उनके कमेंट्री पैनल से हटने का असली कारण हार्दिक पांड्या से जुड़ा था।
‘हार्दिक की आलोचना से हुआ था अहंकार को ठेस’

इरफान पठान ने एक साक्षात्कार में बताया कि उनका कमेंट्री पैनल से बाहर होना दरअसल हार्दिक पांड्या से जुड़ा हुआ था।
उन्होंने कहा, “मैंने हार्दिक पांड्या की आलोचना की थी, खासकर जब वह मुंबई इंडियंस के कप्तान बने थे। वह शायद उनके अहंकार को चोट पहुंचा गई।”
इरफान ने यह भी स्पष्ट किया कि एक कमेंटेटर का मुख्य कार्य खिलाड़ियों की निष्पक्ष और ईमानदार समीक्षा करना है।
उन्होंने कहा, “अगर मैं 14 मैचों में से 7 मैचों में आलोचना करता हूं, तो भी मैं नरमी बरत रहा हूं। यही हमारा काम है, हम सच्चाई बताते हैं।”
हार्दिक और इरफान के बीच नहीं है कोई राइवलरी
इरफान ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके और हार्दिक पांड्या के बीच कोई राइवलरी नहीं है।
उन्होंने कहा, “मेरे बाद जो भी बड़ौदा के खिलाड़ी आए – जैसे दीपक हुड्डा, क्रुणाल पांड्या या हार्दिक पांड्या, उनमें से कोई यह नहीं कह सकता कि इरफान-यूसुफ ने उनकी मदद नहीं की।”
इरफान ने हार्दिक का किया बचाव
इरफान पठान ने यह भी याद दिलाया कि उन्होंने हार्दिक पांड्या का हमेशा समर्थन किया, खासकर तब जब मुंबई इंडियंस के फैंस ने उनकी कप्तानी पर सवाल उठाए थे और उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियाँ की थीं।
इरफान ने कहा, “किसी खिलाड़ी की आलोचना करना गलत नहीं है। अगर आप खेलते हैं, तो आपको यह सब सहना पड़ता है। यह वही अनुभव था जो सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर के साथ भी हुआ था।
हालांकि, दोनों ने कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि वे खेल से बड़े हैं। लेकिन मैं हार्दिक के खिलाफ जो अपमानजनक शब्द इस्तेमाल किए गए थे, उनके खिलाफ था।”
Also Read: एशिया कप का सबसे सफल विजेता कौन? भारत, पाकिस्तान समेत सभी टीमों का अब तक का प्रदर्शन

