IPL 2026 Auction: नीलामी के छुपे रुस्तम, ये 5 अनकैप्ड भारतीय बन सकते हैं फ्रेंचाइजियों की पहली पसंद
16 दिसंबर को अबू धाबी में होगी मिनी नीलामी, 350 खिलाड़ियों में 238 अनकैप्ड भारतीय
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित की जाएगी।
इस ऑक्शन पर न सिर्फ फ्रेंचाइजियों, बल्कि करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों की भी नजरें टिकी हैं। नीलामी में कुल 350 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, हालांकि अधिकतम 77 खिलाड़ियों को ही टीमें अपने स्क्वॉड में शामिल कर सकेंगी।
इस बार ऑक्शन की खास बात यह है कि इसमें 238 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। यानी ये सभी खिलाड़ी अनकैप्ड श्रेणी में आते हैं।
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के दम पर इनमें से कुछ खिलाड़ी फ्रेंचाइजियों की पहली पसंद बन सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही पांच अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों के बारे में, जिन पर इस बार बड़ी बोली लगने की संभावना है।
औकिब नबी (बेस प्राइस: ₹30 लाख)

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी पिछले कुछ सीजन से घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। स्विंग गेंदबाजी में माहिर औकिब ने डेथ ओवर्स में अपनी गेंदबाजी को काफी निखारा है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 7 मैचों में 13.26 की औसत से 15 विकेट झटके। वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए नेट बॉलर की भूमिका भी निभा चुके हैं।
अशोक शर्मा (बेस प्राइस: ₹30 लाख)

राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा अपनी रफ्तार के लिए पहचाने जाते हैं। 140 किमी प्रति घंटे से अधिक की स्पीड से गेंदबाजी करने वाले अशोक ने हाल के दो सीजन में अपनी लाइन-लेंथ पर खासा काम किया है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 9 मैचों में 20 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में शीर्ष स्थान हासिल किया। वह पहले KKR और राजस्थान रॉयल्स के स्क्वॉड का हिस्सा रह चुके हैं।
कार्तिक शर्मा (बेस प्राइस: ₹30 लाख)

19 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा लोअर ऑर्डर में तेज रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी पावर हिटिंग ने कई फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा है।
राजस्थान रॉयल्स से जुड़े कार्तिक ने 12 टी20 मैचों में 334 रन बनाए हैं, जिसमें 28 छक्के शामिल हैं। केविन पीटरसन और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज भी उनकी बल्लेबाजी की तारीफ कर चुके हैं।
प्रशांत वीर (बेस प्राइस: ₹30 लाख)

बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर ने UP T20 लीग के जरिए पहचान बनाई। 20 वर्षीय प्रशांत ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में 7 मैचों में 112 रन बनाने के साथ 9 विकेट भी झटके।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें ट्रायल्स के लिए बुलाया है और माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी उन्हें रवींद्र जडेजा के दीर्घकालिक विकल्प के तौर पर देख रही है।
सलिल अरोड़ा (बेस प्राइस: ₹30 लाख)

पंजाब के विकेटकीपर बल्लेबाज सलिल अरोड़ा ने घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार एंट्री की है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में झारखंड के खिलाफ उन्होंने 45 गेंदों पर नाबाद 125 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल थे।
आखिरी ओवर में तीन छक्के और एक चौका लगाकर उन्होंने सबका ध्यान खींचा। विकेटकीपर-बल्लेबाज होने के चलते वह ऑक्शन में महंगे बिक सकते हैं।
Also Read: Lionel Messi की नेटवर्थ के आगे इन 7 अमीर भारतीय क्रिकेटरों की कमाई है फीकी

