IPL 2026: केकेआर के लिए नहीं खेलेंगे मुस्तफिजुर रहमान, BCCI ने रिलीज करने का दिया निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को तगड़ा झटका लगा है। बीसीसीआई ने केकेआर को निर्देश दिया है कि वह बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वॉड से रिलीज कर दे। ‘फिज़’ के नाम से मशहूर इस गेंदबाज को केकेआर ने हालिया नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा था।

क्यों लिया गया यह फैसला

बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि वर्तमान हालातों को देखते हुए बोर्ड ने फ्रेंचाइजी को यह कदम उठाने को कहा है। हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया कि उन्हें भारत सरकार की तरफ से इसके लिए कोई औपचारिक निर्देश नहीं मिला है, लेकिन सामाजिक और धार्मिक संगठनों के विरोध को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हिंसा का असर

मुस्तफिजुर को रिलीज करने के पीछे की मुख्य वजह बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही लगातार हिंसा है। हाल ही में मैमनसिंह जिले में एक हिंदू श्रमिक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके कुछ दिनों बाद एक और हिंदू युवक की लिंचिंग का मामला सामने आया। इन घटनाओं के बाद भारत में मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में खिलाने के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन और सोशल मीडिया कैंपेन चलाए जा रहे हैं। लोगों का तर्क है कि जब तक बांग्लादेश में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं, तब तक वहां के खिलाड़ियों को भारत में मौका नहीं दिया जाना चाहिए।

बीसीसीआई ने केकेआर को भरोसा दिलाया है कि वे मुस्तफिजुर की जगह किसी अन्य विदेशी या भारतीय खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकते हैं। 9.20 करोड़ का बजट खाली होने से केकेआर के पास अब किसी बेहतरीन तेज गेंदबाज को चुनने का विकल्प होगा।

Also Read: उन्नाव रेप केस में नया मोड़, महिला एक्टिविस्ट बरखा त्रेहन ने पीड़िता के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.