IPL 2026: ऑक्शन में KKR का जलवा, ग्रीन-पाथिराना पर लुटाए 43 करोड़ से ज्यादा
Sandesh Wahak Digital Desk: अबू धाबी में आयोजित IPL 2026 ऑक्शन में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पर बड़ी बोली लगी।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीदकर ऑक्शन की सबसे बड़ी डील्स में शामिल किया।
हालांकि, नए नियमों के चलते ग्रीन को इस पूरी रकम का भुगतान नहीं किया जाएगा और उनके खाते में सिर्फ 18 करोड़ रुपये ही आएंगे।
ऑक्शन के पहले सेट में शामिल कैमरून ग्रीन को लेकर पहले से ही अनुमान था कि वे इस साल के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक बन सकते हैं।
केकेआर के पास सबसे बड़ा पर्स बैलेंस था, जिसका फायदा उठाते हुए उसने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 25.20 करोड़ की बोली लगाकर ग्रीन को अपने खेमे में शामिल कर लिया।
सीएसके की बोली 25 करोड़ रुपये तक पहुंची थी, लेकिन अंतिम बाज़ी केकेआर ने मारी।

7.20 करोड़ रुपये क्यों कटे?
नए IPL नियमों के अनुसार, किसी खिलाड़ी की सैलरी का एक हिस्सा बीसीसीआई के प्लेयर वेलफेयर प्रोग्राम्स के लिए निर्धारित किया जाता है। इसी नियम के तहत कैमरून ग्रीन की कुल बोली राशि में से 7.20 करोड़ रुपये काटे जाएंगे।
हालांकि, केकेआर के पर्स से पूरी 25.20 करोड़ रुपये की राशि ही घटेगी। यानी इस कटौती का कोई फायदा फ्रेंचाइजी को नहीं मिलेगा। केकेआर ग्रीन को 18 करोड़ रुपये देगी, जबकि शेष 7.20 करोड़ रुपये बीसीसीआई के पास जाएंगे।
कैमरून ग्रीन का IPL सफर
26 वर्षीय कैमरून ग्रीन ने 2023 में IPL डेब्यू किया था। मुंबई इंडियंस के लिए उन्होंने 16 मैचों में 452 रन बनाए और 6 विकेट लिए।
2024 सीजन में वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा रहे, जहां 13 मैचों में उन्होंने 255 रन बनाए और 10 विकेट झटके। IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स उनकी तीसरी टीम होगी।
पाथिराना बने सबसे महंगे श्रीलंकाई खिलाड़ी
इसी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पाथिराना को 18 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके साथ ही वे IPL ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था।
पाथिराना के लिए दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच जबरदस्त बोली जंग देखने को मिली। दिल्ली ने 15.60 करोड़ रुपये पर हाथ खींच लिए, जबकि लखनऊ 17.80 करोड़ रुपये तक पहुंचा।
लेकिन अंत में केकेआर ने 18 करोड़ की बोली लगाकर उन्हें खरीद लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वानिंदु हसरंगा के नाम था, जिन्हें 2022 में RCB ने 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।
पाथिराना का IPL रिकॉर्ड
मथीशा पाथिराना ने अब तक 32 IPL मैचों में 47 विकेट लिए हैं। 2025 सीजन में उन्होंने CSK के लिए 12 मैचों में 13 विकेट झटके थे, जबकि उससे पिछले सीजन में उन्होंने केवल 6 मैचों में 13 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था।
IPL 2026 ऑक्शन में केकेआर की आक्रामक बोली रणनीति ने साफ कर दिया है कि फ्रेंचाइजी आगामी सीजन में खिताब के लिए पूरी ताकत झोंकने के इरादे से मैदान में उतरी है।

