IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी रद्द, BCCI ने बताई बड़ी वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक अहम फैसला लिया है।

बोर्ड ने इस सीजन की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित न करने का निर्णय किया है। यह फैसला पिछले साल बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के बाद निकाले गए विजय जुलूस के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में लिया गया है। उस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इस सीजन उद्घाटन समारोह को रद्द करने का फैसला किया है।

IPL 2026 Opening Ceremony

बेंगलुरु में होगा IPL 2026 का पहला मुकाबला

IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा।

यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा। इसी शहर में पहले हुई त्रासदी को देखते हुए BCCI ने किसी भी तरह के भव्य कार्यक्रम से दूरी बनाए रखने का फैसला किया।

क्लोजिंग सेरेमनी हो सकती है आयोजित

रिपोर्ट के अनुसार, BCCI सचिव देवजीत साइकिया ने संकेत दिए हैं कि IPL 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी 31 मई को हो सकती है।

इसी दिन टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला भी खेला जाएगा, जिससे पहले समापन समारोह आयोजित किए जाने की संभावना है।

पहले भी टल चुकी है ओपनिंग सेरेमनी

यह पहली बार नहीं है जब IPL की ओपनिंग सेरेमनी रद्द की गई हो। इससे पहले 2019 में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 CRPF जवानों की याद में भी उद्घाटन समारोह नहीं हुआ था।

उस समय ओपनिंग सेरेमनी के लिए तय बजट को शहीदों के परिवारों की सहायता में दिया गया था। BCCI का यह फैसला खेल से पहले मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने के तौर पर देखा जा रहा है।

Also Read: गौतम गंभीर के बाद इस दिग्गज खिलाड़ी को मिल सकती है हेड कोच की जिम्म्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.