IPL 2026: KKR से बाहर हो सकते हैं वेंकटेश अय्यर, इस खिलाड़ी की जगह SRH में मिलेगी एंट्री
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली और रिटेंशन को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। इन्हीं में एक बड़ा नाम सामने आया है — वेंकटेश अय्यर।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के इस ऑलराउंडर को अगले सीजन से टीम से बाहर किया जा सकता है। 2025 के मेगा ऑक्शन में 23.75 करोड़ रुपये में खरीदे गए वेंकटेश अय्यर का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।
खबर है कि अब सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम वेंकटेश को अपने स्क्वाड में शामिल करने की इच्छुक है। हालांकि इस ट्रांसफर को लेकर अभी तक फ्रेंचाइज़ी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

IPL 2025 में वेंकटेश अय्यर KKR के लिए 11 मैच खेले थे, जिनमें उन्होंने केवल 142 रन बनाए। उनका बल्लेबाज़ी औसत 20.28 रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 139.21 का था। उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया और इस पूरे सीजन उन्हें गेंदबाज़ी का मौका भी नहीं मिला।
वेंकटेश साल 2021 से KKR की टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन 2025 में उनका प्रदर्शन टीम की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। इसी कारण अब KKR उन्हें रिलीज़ कर सकती है, और SRH में उनका नया अध्याय शुरू हो सकता है।
इशान किशन की जगह SRH में एंट्री?
SRH से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, टीम इशान किशन को रिलीज़ करने पर विचार कर रही है। IPL 2025 के ऑक्शन में SRH ने इशान को 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने सीज़न की शुरुआत शानदार शतक के साथ की, लेकिन उसके बाद लय बरकरार नहीं रख सके।
इशान ने 14 मैचों में 354 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। औसत 35.40 रहा, लेकिन लगातार मैचों में प्रभाव नहीं छोड़ पाने के कारण उनकी जगह टीम अब वेंकटेश अय्यर को विकल्प के रूप में देख रही है।
ऑलराउंड ऑप्शन पर SRH की नज़र
SRH मैनेजमेंट अगले सीजन के लिए एक बाएं हाथ के पावर-हिटर ऑलराउंडर की तलाश में है, और वेंकटेश अय्यर उनकी योजनाओं में फिट बैठ सकते हैं। टीम के मालिकाना हक वाली कंपनी सन टीवी नेटवर्क की CEO काव्या मारन वेंकटेश को स्काउट करने में दिलचस्पी दिखा चुकी हैं।
अगर ये डील फाइनल होती है तो वेंकटेश अय्यर IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की जर्सी में खेलते नजर आ सकते हैं।
आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी
गौरतलब है कि अभी तक KKR या SRH में से किसी भी फ्रेंचाइज़ी ने इस संभावित बदलाव को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन ट्रांसफर विंडो और रिटेंशन की समयसीमा नजदीक आने के साथ, इन संभावनाओं पर नजर रखना ज़रूरी है।

