मोहसिन नकवी की रणनीति पड़ी भारी, PSL से एक और बड़ा नाम बाहर

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के एक ही समय पर आयोजन का असर एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट पर साफ नजर आया है।

इस बार नुकसान किसी खिलाड़ी के नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के चर्चित कमेंटेटर निक नाइट के फैसले से हुआ है, जिन्होंने PSL की बजाय IPL 2026 के कमेंट्री पैनल को प्राथमिकता दी है।

निक नाइट का नाम पहले पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया था। हालांकि, शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए स्टार स्पोर्ट्स द्वारा जारी कमेंट्री पैनल में भी उनका नाम सामने आया।

इसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि निक नाइट इस सीजन IPL में कमेंट्री करते नजर आएंगे।

IPL 2026

एक ही विंडो में लीग होने का असर

क्रिकेट जगत में यह कोई नई बात नहीं है कि खिलाड़ी और कमेंटेटर PSL की तुलना में IPL को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं। मौजूदा PSL सीजन के दौरान पहले ही स्पेंसर जॉनसन, दासुन शनाका और ब्लेसिंग मुजारबानी जैसे खिलाड़ी IPL के लिए PSL छोड़ चुके हैं। अब एक सीनियर कमेंटेटर का नाम भी इस सूची में जुड़ गया है।

PCB चेयरमैन के फैसले पर उठे सवाल

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी के फैसलों का नतीजा है। पिछले दो वर्षों से PSL और IPL को एक ही विंडो में आयोजित किया जा रहा है।

जब यह फैसला लिया गया था, तभी आशंका जताई गई थी कि इससे PSL को ही नुकसान होगा, जो अब लगातार सामने आ रहा है।

हालांकि, मोहसिन नकवी इस तर्क को पूरी तरह स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने हाल ही में कहा कि PSL का शेड्यूल समस्या नहीं है, बल्कि कॉन्ट्रैक्ट तोड़ना चिंता का विषय है।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऑक्शन के बाद भी लीग छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

PSL के लिए बढ़ती चुनौती

IPL की वैश्विक लोकप्रियता और आर्थिक मजबूती के सामने PSL लगातार जूझता नजर आ रहा है।

खिलाड़ियों और अब कमेंटेटरों का झुकाव भी यह संकेत देता है कि दोनों लीग के एक साथ होने से नुकसान का पलड़ा फिलहाल PSL की ओर ही भारी है।

Also Read: IPL 2026: पहले ही मैच में किंग कोहली ने रचा इतिहास, बना दिया ऐसा रिकॉर्ड जिसका टूटना है बेहद मुश्किल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.