ईरान ने हवाई क्षेत्र में घुसे अमेरिकी ड्रोन को मिसाइल से मार गिराने का किया दावा

Sandesh Wahak Digital Desk: तेहरान और वॉशिंगटन के बीच जारी तनाव के बीच रविवार को मध्य-पूर्व (मिडिल ईस्ट) से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। ईरान की ताकतवर सैन्य शाखा इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने आधिकारिक बयान जारी कर दावा किया है कि उसने अपने हवाई और क्षेत्रीय जलक्षेत्र में घुसपैठ कर रहे अमेरिकी सेना के अत्याधुनिक MQ-1 ड्रोन को मार गिराया है। ईरानी समाचार एजेंसी ‘इरना’ के मुताबिक, देश के एयर डिफेंस सिस्टम ने सीमा लांघते ही अमेरिकी ड्रोन को तुरंत रडार पर ट्रैक किया और पलक झपकते ही वायु रक्षा मिसाइल दागकर उसे आसमान में ही तबाही के घाट उतार दिया।

ईरान का यह आक्रामक कदम अमेरिका द्वारा दक्षिणी ईरान में किए गए ताबड़तोड़ हमलों के बाद सामने आया है। इससे पहले आईआरजीसी ने अमेरिका को खुले तौर पर चेतावनी दी थी कि अगर उसने युद्धविराम (सीजफायर) की शर्तों का उल्लंघन किया, तो ईरान के पास पलटवार करने का वैध और निश्चित अधिकार सुरक्षित है। ईरान ने इसी हफ्ते अमेरिका के एक और घातक MQ-9 रीपर ड्रोन को भी मार गिराने का दावा किया था, साथ ही ईरानी हवाई क्षेत्र में मंडरा रहे एक अमेरिकी लड़ाकू विमान पर भी एंटी-एयरक्राफ्ट गन से फायरिंग की बात कही है।

बारूदी सुरंगें बिछा रही ईरानी नौकाओं पर दागीं मिसाइलें

दूसरी तरफ, अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर किए गए इन हमलों को पूरी तरह ‘रक्षात्मक और आत्मरक्षा की कार्रवाई’ करार दिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के प्रवक्ता टिम हॉकिन्स ने साफ किया कि दक्षिणी ईरान में सोमवार और गुरुवार को किए गए हवाई हमले अमेरिकी सैनिकों और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी थे।

अमेरिकी सेना ने उन मिसाइल लॉन्च साइटों को नष्ट किया है जो हमले के लिए तैयार थीं। इसके साथ ही समुद्र में (विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य के पास) अंतरराष्ट्रीय जहाजों को उड़ाने के लिए बारूदी सुरंगें (सी-माइंड्स) बिछा रही ईरानी नौकाओं को भी अमेरिकी मिसाइलों ने निशाना बनाकर तबाह कर दिया। अमेरिका का कहना है कि वे अभी भी सीजफायर का सम्मान कर रहे हैं, लेकिन अपने सैनिकों की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं करेंगे।

इस सैन्य टकराव का असर जमीन पर भी दिखने लगा है। ईरानी मीडिया फार्स के अनुसार, रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित बंदर अब्बास बंदरगाह शहर के पूर्वी इलाके में गुरुवार तड़के भीषण धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे पूरे इलाके में युद्ध का खौफ मंडरा रहा है।

Also Read: Lucknow News: थाना विकासनगर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.