ईरान ने UNSC में की अमेरिका की शिकायत, ट्रंप ने बातचीत के सभी रास्तों को किया बंद

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों और अशांति के बीच तेहरान और वॉशिंगटन के रिश्तों में कड़वाहट चरम पर पहुंच गई है। ईरान ने अब संयुक्त राष्ट्र (UN) का दरवाजा खटखटाया है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत के सभी दरवाजे फिलहाल बंद कर दिए हैं।

ईरान ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और सुरक्षा परिषद को एक आधिकारिक पत्र लिखकर अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ईरान का कहना है कि अमेरिका उनके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है और हिंसा को बढ़ावा दे रहा है। पत्र में ट्रंप के उस सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र किया गया है जिसमें उन्होंने लिखा था, ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखें। अपनी संस्थाओं पर कब्जा करें। मदद आ रही है।

ईरान ने मांग की है कि संयुक्त राष्ट्र को अमेरिका द्वारा बल प्रयोग की धमकी देने और हिंसा भड़काने की निंदा करनी चाहिए। दूसरी ओर, डेट्रॉइट इकोनॉमिक क्लब में बोलते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कड़े फैसलों का ऐलान किया।

Trump

बातचीत बंद: ट्रंप ने कहा, जब तक प्रदर्शनकारियों की बेमतलब हत्याएं बंद नहीं हो जातीं, मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ होने वाली अपनी सभी बैठकें रद्द कर दी हैं।

जवाबदेही की चेतावनी: हिंसा में मरने वालों की संख्या पर चिंता जताते हुए ट्रंप ने कहा कि एक भी मौत बहुत ज्यादा है और इसके जिम्मेदार लोगों को परिणाम भुगतने होंगे।

आर्थिक घेराबंदी: ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उसे अमेरिका के साथ बिजनेस करने पर 25% अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

गौरतलब है कि ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को देशभक्त बताते हुए उनसे अपील की है कि वे हिंसा और दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों के नाम और सबूत सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में उनकी जवाबदेही तय की जा सके।

Also Read: रिप्लेसमेंट, इंजेक्शन या कार्टिलेज चेंज, क्या है Knees की खराबी का सही इलाज?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.