इजरायली हमले के बीच ईरान को मिला नया कमांडर, बदला लेने के लिए अमेरिका-इजरायल के 27 ठिकानों पर दागीं मिसाइलें
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के खिलाफ इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) की आक्रामक कार्रवाई ने तेहरान के सैन्य नेतृत्व को भारी नुकसान पहुँचाया है। जनरल मोहम्मद पाकपुर समेत कई शीर्ष नेताओं को निशाना बनाए जाने के बाद, ईरान ने अपनी सबसे ताकतवर फोर्स इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की कमान अब ब्रिगेडियर जनरल अहमद वाहिदी के हाथों में सौंप दी है।
ईरानी मीडिया के अनुसार, अहमद वाहिदी को आईआरजीसी का नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया गया है। वाहिदी कोई नया नाम नहीं हैं, वे पहले ईरान के रक्षा और गृह मंत्री रह चुके हैं। पिछले छह महीनों से वे अंतरिम प्रमुख के तौर पर काम कर रहे थे, लेकिन हालिया हमलों के बाद मचे हड़कंप के बीच अब उन्हें औपचारिक रूप से यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
इस जंग के बीच एक बेहद हृदयविदारक खबर दक्षिणी ईरान के मिनाब शहर से आई है। ‘अलजजीरा’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लड़कियों के एक प्राइमरी स्कूल पर हुए अमेरिका-इजरायल हमले में मरने वालों की संख्या 148 तक पहुँच गई है। हालांकि इजरायल का दावा रहा है कि वह सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है, लेकिन सैटेलाइट तस्वीरें बताती हैं कि जिस स्कूल पर हमला हुआ, वह 2016 से ही सैन्य बेस से अलग था।
ईरान का पलटवार, बदले के छठे दौर की शुरुआत
अपने नेताओं और नागरिकों की मौत से तिलमिलाए ईरान ने बदले की आग में बड़े हमले शुरू कर दिए हैं। आईआरजीसी ने दावा किया है कि उसने इजरायल और अमेरिका के ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोनों की बारिश कर दी है।
निशाने पर 27 अमेरिकी बेस: ईरान ने क्षेत्र में मौजूद 27 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने का दावा किया है।
इजरायल के दिल पर चोट: तेल अवीव स्थित इजरायली सेना के कमांड हेडक्वार्टर (हाकिर्या), तेल नोफ एयरबेस और एक बड़े डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स को भी निशाना बनाया गया है।
Also Read: नागपुर और काकीनाडा की फैक्टरियों में भीषण धमाके, 37 मजदूरों की मौत, कई घायल

