ईरान ने इजरायली रिफाइनरी पर दागीं खेइबरशेकान मिसाइलें, ट्रंप और इजरायल को दी खुली चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी जंग अब और भी खतरनाक मोड़ ले चुकी है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (IRGC) ने पुष्टि की है कि शनिवार रात इजरायल के हाइफा स्थित एक बड़ी तेल रिफाइनरी पर मिसाइलों से हमला किया गया है। ईरान का दावा है कि यह कार्रवाई उसके अपने ऊर्जा ठिकानों पर हुए अमेरिका-इजरायल हमलों का सीधा जवाब है।

IRGC के आधिकारिक आउटलेट ‘सेपाह न्यूज़’ के मुताबिक, हाइफा रिफाइनरी को निशाना बनाने के लिए उन्नत ‘खेइबरशेकान’ मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। ईरान ने साफ किया कि यह हमला उन हमलों का बदला है, जिनमें तेहरान और अल्बोरज प्रांत के तेल डिपो को निशाना बनाया गया था। शनिवार रात तेहरान में भी कई जोरदार धमाके सुने गए थे, जिससे वहां के तेल डिपो में भीषण आग लग गई थी।

इस पूरे विवाद की जड़ 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किया गया वह साझा हमला है, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई, उनके परिवार के सदस्य और कई शीर्ष सैन्य कमांडर मारे गए थे। उस घटना के बाद से ही ईरान बदले की आग में जल रहा है और लगातार इजरायली व अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलें दाग रहा है।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने शनिवार को कड़े शब्दों में कहा कि अमेरिका और इजरायल का असली मकसद ईरान को टुकड़ों में बांटना है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि उन्होंने बड़ी गलती की है और वे इजरायल के झांसे में आ गए हैं। लारीजानी ने भावुक होते हुए कहा, अमेरिकियों ने हमारे लोगों के दिलों पर जो घाव दिए हैं, उन्हें हम कभी नहीं भूलेंगे।

सऊदी अरब का अहम रुख

युद्ध के इस माहौल के बीच एक बड़ी कूटनीतिक खबर भी सामने आई है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने खुलासा किया कि सऊदी अरब ने ईरान को भरोसा दिलाया है कि वे अपनी जमीन, हवाई क्षेत्र या समुद्री क्षेत्र का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी भी हमले के लिए नहीं होने देंगे। यह बयान मिडिल ईस्ट के शक्ति समीकरणों को बदलने वाला साबित हो सकता है।

Also Read: Oil Purchase के लिए इजाजत की जरूरत नहीं, अमेरिका के बयान पर भारत ने साफ किया अपना रुख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.