ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की चेतावनी, बोले- शहीदों के खून का बदला लेंगे और हर्जाना वसूलेंगे

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान में सत्ता परिवर्तन के बाद नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अपने पहले ही संदेश में दुनिया को यह साफ कर दिया है कि तेहरान झुकने वाला नहीं है। उन्होंने अपने पिता अली खामेनेई और अन्य सैन्य कमांडरों की मौत का बदला लेने की कसम खाई है।

मोजतबा खामेनेई ने टेलीग्राम पर जारी एक पोस्ट में बेहद सख्त लहजे में कहा कि वे अपने ‘दुश्मन’ (अमेरिका और इजरायल) से भारी हर्जाना वसूलेंगे। उन्होंने चेतावनी दी, हम दुश्मन से मुआवजा लेंगे। अगर वह मना करता है, तो हम उसकी उतनी संपत्ति जब्त कर लेंगे जितनी हम तय करेंगे। अगर संपत्ति जब्त करना संभव नहीं हुआ, तो हम दुश्मन की उतनी ही मात्रा में प्रॉपर्टी को नष्ट कर देंगे।

हॉर्मुज स्ट्रेट बंद करने का ऐलान

ईरान के सरकारी टीवी पर एक महिला एंकर द्वारा पढ़कर सुनाए गए इस संदेश में कहा गया कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद रखने का विकल्प सुरक्षित है। खामेनेई ने यह भी साफ किया कि ईरान जरूरत पड़ने पर नए युद्ध मोर्चे खोलने से भी पीछे नहीं हटेगा। हालांकि, उन्होंने पड़ोसी देशों को भरोसा दिलाया कि तेहरान दोस्ती चाहता है और वह सिर्फ उन्हीं ठिकानों को निशाना बनाएगा जहाँ से उस पर हमला होगा।

अमेरिकी रक्षा मंत्री का दावा, घायल हैं मोजतबा

एक तरफ जहाँ ईरान से ये धमकियां आ रही हैं, वहीं अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने चौंकाने वाला दावा किया है। पेंटागन में एक ब्रीफिंग के दौरान हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी हमलों के कारण ईरान की मिलिट्री लीडरशिप भारी दबाव में है और नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई घायल हो गए हैं, जिस वजह से उन्हें छिपने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

Also Read: Oscars 2026: वन बैटल आफ्टर अनदर ने जीता बेस्ट पिक्चर का अवॉर्ड, 14 नॉमिनेशन में से 6 पर कब्जा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.