ईरान-सऊदी अरब के बीच शांति पर चर्चा, राष्ट्रपति पेजेशकियन बोले- जंग रोकने वाली हर पहल का स्वागत

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम एशिया में गहराते युद्ध के बादलों के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शांति की ओर कदम बढ़ाने के संकेत दिए हैं। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) के साथ फोन पर हुई बातचीत में पेजेशकियन ने कहा कि ईरान क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए किसी भी प्रक्रिया में शामिल होने को तैयार है, लेकिन अमेरिका की धमकी वाली कूटनीति उसे मंजूर नहीं है।

बातचीत के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भी बेहद महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सऊदी अरब ईरान के खिलाफ किसी भी हमले या धमकियों का समर्थन नहीं करता है। क्राउन प्रिंस ने क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए ईरान के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई, जो खाड़ी देशों में बदलते समीकरणों की ओर इशारा करता है।

अमेरिका पर बरसे ईरानी राष्ट्रपति

मसूद पेजेशकियन ने अमेरिका पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वॉशिंगटन का रवैया हम जो कहें वो तुम करो जैसा है, जिससे बातचीत संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने न केवल यूरोप और ईरान के संबंधों में दरार डाली, बल्कि वह जानबूझकर क्षेत्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने मुस्लिम देशों से अपील की कि वे एकजुट होकर स्थिरता के लिए काम करें।

पड़ोसियों को कड़ा संदेश

शांति की बात के साथ-साथ ईरान ने अपनी सैन्य चेतावनी भी दोहराई है।

एयरस्पेस का इस्तेमाल न हो: ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने पड़ोसी देशों को चेतावनी दी है कि वे अपनी जमीन या आसमान का इस्तेमाल ईरान पर हमले के लिए न होने दें।

होरमुज जलडमरूमध्य पर नजर: ईरान ने साफ़ किया है कि वह होरमुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले हर जहाज पर नजर रख रहा है और वह खुद तय करता है कि किसे रास्ता देना है।

Also Read: बिछड़े बच्चों के लिए ‘फरिश्ता’ बनी लखनऊ RPF, इंस्पेक्टर चन्दना सिन्हा को मिला रेल सेवा पुरस्कार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.