ईरान ने दिखाई नरमी, अमेरिका-इजरायल को छोड़कर दुनिया के लिए होर्मुज को खोलने को तैयार

Sandesh Wahak Digital Desk: पिछले कई दिनों से दुनिया भर की सांसें थाम देने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) संकट में अब नरमी के संकेत मिल रहे हैं। ईरान ने दुनिया के इस सबसे महत्वपूर्ण तेल सप्लाई रूट को लेकर अपने कड़े रुख में थोड़ी ढील दी है। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के प्रतिनिधि अली मौसवी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि यह समुद्री रास्ता उन सभी देशों के जहाजों के लिए खुला रहेगा, जिनका नाता ईरान के ‘दुश्मनों’ यानी अमेरिका और इजरायल से नहीं है।

ट्रंप की पावर प्लांट वाली धमकी का असर

ईरान का यह नरम रुख अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस तीखी चेतावनी के चंद घंटों बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर 48 घंटे के भीतर रास्ता नहीं खुला, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट्स को मलबे में तब्दील कर देगा। ईरान ने अब साफ किया है कि अन्य देशों के जहाज तेहरान के साथ सुरक्षा तालमेल बिठाकर इस रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं। ईरानी प्रतिनिधि ने यह भी कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के साथ सहयोग करने को तैयार हैं ताकि खाड़ी क्षेत्र में नाविकों और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कूटनीति का रास्ता खुला, पर तेवर अभी भी सख्त

अली मौसवी ने तर्क दिया कि इस पूरे तनाव की असली वजह इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए जा रहे लगातार हमले हैं। उन्होंने कहा, ईरान अब भी कूटनीति और बातचीत को प्राथमिकता दे रहा है, लेकिन शांति के लिए बाहरी आक्रामकता का रुकना और आपसी भरोसा कायम होना पहली शर्त है। गौरतलब है कि ईरान ने 28 फरवरी से इस रास्ते को पूरी तरह बंद कर रखा था, जिससे दुनिया भर में ऊर्जा संकट और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी उछाल का खतरा पैदा हो गया था।

दुनिया के लिए क्यों जरूरी है होर्मुज

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया की कुल तेल और गैस सप्लाई के लगभग पांचवें हिस्से (20%) का मुख्य जरिया है। ईरान ने पहले कसम खाई थी कि वह अमेरिका और इजरायल तक तेल की एक बूंद भी नहीं पहुंचने देगा। इस बीच, अमेरिका ने ईरान को घेरने के लिए एक नौसैनिक गठबंधन बनाने की कोशिश की थी, लेकिन उसे बड़ा झटका लगा जब अधिकांश नाटो (NATO) सहयोगियों ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया। सहयोगी देशों का स्पष्ट कहना है कि वे ईरान के साथ किसी भी सीधे सैन्य टकराव का हिस्सा बनकर अपनी मुसीबतें नहीं बढ़ाना चाहते।

Also Read: Pratapgarh News: शिक्षिका से चेन छीनने वाला 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, सिपाही घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.