ईरान पर अमेरिकी हमले की आशंका, खामेनेई बंकर में अंडरग्राउंड, बेटे के हाथ प्रशासन

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य पूर्व में फिर से तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को अमेरिकी हवाई हमले की आशंका के बीच एक गुप्त अंडरग्राउंड बंकर में स्थानांतरित कर दिया गया है। साथ ही, उन्होंने देश के रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज की कमान अपने सबसे छोटे बेटे मसूद खामेनेई को सौंप दी है।

अंतरराष्ट्रीय खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने 86 वर्षीय खामेनेई को चेतावनी दी थी कि अमेरिका कभी भी एयरस्ट्राइक कर सकता है। इसी आशंका के चलते उन्हें तेहरान में एक अत्याधुनिक और मजबूत बंकर में ले जाया गया है। यह बंकर कई गुप्त सुरंगों से जुड़ा हुआ है ताकि आपात स्थिति में उन्हें सुरक्षित निकाला जा सके।

फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है अमेरिकी बेड़ा

तनाव बढ़ाने वाली एक और बड़ी खबर यह है कि अमेरिकी नौसेना का शक्तिशाली यूएसएस अब्राहम लिंकन स्ट्राइक ग्रुप फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। इस कैरियर स्ट्राइक ग्रुप में तीन युद्धपोत शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे ईरान के लिए एक ‘सख्त चेतावनी’ बताया था।

ऐसे संकट के समय में, खामेनेई ने देश की दिन-प्रतिदिन की कमान अपने 53 वर्षीय बेटे मसूद को सौंप दी है। मसूद अब सरकार के कार्यकारी अंगों और अन्य शक्ति केंद्रों के बीच मुख्य समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं। यह कदम इस ओर भी इशारा करता है कि खामेनेई संभावित उत्तराधिकार के लिए भी तैयारी कर रहे हैं।

हालांकि, ईरान ने सार्वजनिक तौर पर घुटने टेकने से इनकार कर दिया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने साफ कहा है कि उनके सुप्रीम लीडर पर किसी भी हमले को ईरान के खिलाफ युद्ध” माना जाएगा। संसद की सुरक्षा समिति ने चेतावनी दी है कि ऐसी स्थिति में ‘जिहाद’ का ऐलान किया जाएगा।

खामेनेई, जो आमतौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं, 17 जनवरी के बाद से गायब हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर कोई पोस्ट नहीं की है। इससे पहले भी जून में इजराइल के साथ तनाव के दौरान वह कुछ समय के लिए अंडरग्राउंड हो गए थे। इस बीच, ईरान में पिछले महीने हुए जन विरोध प्रदर्शनों में 3,000 से लेकर 20,000 तक लोगों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। खामेनेई ने अपने अंतिम पोस्ट में इन प्रदर्शनों के लिए देशी और विदेशी अपराधियों को जिम्मेदार ठहराया था।

Also Read: Varanasi News: सपा के मणिकर्णिका मार्च को पुलिस ने रोका, धरने पर बैठे कार्यकर्ता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.