ईरान ने तस्वीर शेयर कर ट्रंप को दी सीधे हमले की धमकी, ब्रिटेन ने खाली किया अपना दूतावास
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैन्य कार्रवाई की चेतावनियों के बीच ईरान ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि ब्रिटेन ने आनन-फानन में तेहरान स्थित अपना दूतावास बंद कर दिया है और सभी राजनयिकों को वापस बुला लिया है।
ईरान की चेतावनी, इस बार निशाना चूकेगा नहीं
ईरान ने सीधे तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाते हुए एक विवादित तस्वीर जारी की है। इस तस्वीर में जुलाई 2024 में पेन्सिलवेनिया में ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले का जिक्र किया गया है। ईरानी सरकारी टेलीविजन और मीडिया में फैली इस तस्वीर के साथ फारसी में लिखा गया है- इस बार निशाना चूकेगा नहीं। यह उस घटना की याद दिलाता है जब थॉमस क्रुक्स नामक हमलावर की गोली ट्रंप के कान को छूकर निकल गई थी। ईरान की इस खुली धमकी ने वैश्विक कूटनीति में खलबली मचा दी है।
ब्रिटेन ने छोड़ा तेहरान, दूतावास पर लगा ताला
बढ़ते युद्ध के खतरों को देखते हुए ब्रिटेन के फॉरेन ऑफिस ने बड़ा फैसला लिया है। ब्रिटेन ने तेहरान में अपने दूतावास को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अब वहां का कामकाज रिमोटली (दूसरे देश से) संचालित होगा। ब्रिटेन का अपने स्टाफ को वापस बुलाना इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है।
ट्रंप की दोटूक चेतावनी, हम आगे बढ़ने को तैयार
इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। ट्रंप ने लिखा कि अगर ईरान अपने यहां शांतिपूर्ण विरोध करने वालों को मारता है, तो अमेरिका चुप नहीं बैठेगा और वह सैन्य कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। अमेरिका की इसी सख्ती के बाद ईरान ने एहतियातन अपना एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) बंद कर दिया है।
Also Read: बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल, ओटीटी पर कब आएगी The Raja Saab?

