ईरान युद्ध जल्द होगा खत्म, परमाणु हथियार की होड़ को अमेरिका ने किया ध्वस्त: ट्रंप

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी सैन्य संघर्ष को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। एरिजोना से मोंटाना में चुनावी रैली के लिए रवाना होने से पूर्व पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि यह युद्ध बहुत जल्द अपने अंजाम तक पहुँचने वाला है। उन्होंने कहा कि संघर्ष विराम के बाद वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चा तेल) और ऊर्जा के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी, जिसका सीधा सकारात्मक असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

इससे पहले एरिजोना के बुलहेड सिटी में जनसभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य अभियानों के प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमलों ने ईरान की नौसेना और वायुसेना सहित पूरी सैन्य संरचना को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। तंज कसते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई इतनी व्यापक रही कि ईरानी नेतृत्व के कई शीर्ष स्तर समाप्त हो चुके हैं, जिससे अब यह तय कर पाना भी मुश्किल हो गया है कि बातचीत का सिलसिला किस ईरानी अधिकारी से शुरू किया जाए।

होर्मुज स्ट्रेट पर स्टील की दीवार जैसी नाकेबंदी

ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय तेल व्यापार के लिए बेहद संवेदनशील माने जाने वाले होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिकी नौसेना ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया है। उन्होंने नौसैनिक अभियानों को स्टील की दीवार की संज्ञा दी और कहा कि अमेरिका के मजबूत नियंत्रण के चलते अब वहां से पहले की तुलना में अधिक तेल की सुरक्षित निकासी हो पा रही है।

उन्होंने दोहराया कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अमेरिका का मुख्य लक्ष्य था, जिसके सामने सैन्य कार्रवाई के अस्थायी आर्थिक प्रभावों को स्वीकार किया जाना जरूरी था।

महंगाई और आर्थिक स्थिति पर रखी अपनी बात

अमेरिका में महंगाई और ब्याज दरों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि बीते तीन महीनों में देश की महंगाई दर 1.7 प्रतिशत दर्ज की गई है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि संघर्ष के बावजूद आज भी देश में ऊर्जा की कीमतें पहले से काफी सस्ती हैं।

Also Read: दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान इंटरनेट बंद करने पर केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मांगी बिना शर्त माफी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.