रिपोर्ट में खुलासा, इजरायली हमले के दौरान घायल हुए थे ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान

Sandesh Wahak Digital Desk: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल के साथ जारी संघर्ष के दौरान एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान को इजरायली हवाई हमले के दौरान पैर में मामूली चोट आई थी। यह घटना 16 जून को पश्चिमी तेहरान में एक इमारत को निशाना बनाकर किए गए मिसाइल हमले के दौरान हुई थी।

उच्च-स्तरीय बैठक के दौरान हुआ था हमला

यह मिसाइल हमला उस वक्त हुआ, जब ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की एक बेहद उच्च-स्तरीय बैठक चल रही थी। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़ी ‘फार्स न्यूज एजेंसी’ के अनुसार, इस बैठक में पार्लियामेंट स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ, न्यायपालिका प्रमुख मोहसेनी एजेई और अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

इस घटना ने ईरान की चिंता काफी बढ़ा दी है। अधिकारियों को शक है कि किसी घुसपैठिए की निशानदेही पर इतना सटीक हमला किया गया। यही वजह है कि मिसाइल स्ट्राइक को लेकर एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

हमलावर का मकसद और पेजेशकियान का आरोप

रिपोर्ट के अनुसार, यह इजरायली अभियान बेरूत में हिज्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की हत्या के बाद तैयार किया गया था। हमले के दौरान इमारत के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर छह मिसाइलें दागी गईं, ताकि बचने के रास्ते बंद हो जाएं और हवा का बहाव भी बाधित हो सके।

जब मिसाइलें गिरीं, तब ईरानी अधिकारी इमारत की निचली मंजिल पर मौजूद थे, जिसके चलते कुछ देर के लिए बिजली गुल हो गई। अफरा-तफरी के बावजूद, एक इमरजेंसी गेट से अधिकारियों को बाहर निकलने में मदद मिली, हालांकि इस दौरान कुछ अधिकारियों को मामूली चोटें आईं। राष्ट्रपति पेजेशकियान भी इन्हीं घायलों में शामिल थे, और उन्होंने सार्वजनिक रूप से इजरायल पर अपनी हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। पेजेशकियान ने पत्रकार टकर कार्लसन को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, उन्होंने (इजरायल) कोशिश की थी। हां, उन्होंने उसी योजना के अनुसार काम किया, लेकिन असफल रहे।

Also Read: Lucknow Airport: उड़ान से पहले एअर इंडिया की फ्लाइट रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.