अमेरिकी हमलों पर बोले ईरान के विदेश मंत्री, चुकाना पड़ेगा गंभीर परिणाम

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने रविवार को अमेरिका द्वारा ईरान की परमाणु स्थलों पर किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और परमाणु अप्रसार संधि (NPT) का सीधा उल्लंघन बताते हुए चेतावनी दी कि इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा।

अमेरिका का व्यवहार आपराधिक और खतरनाक

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर एक तीखे बयान में अराघची ने कहा, आज सुबह की घटनाएं न केवल अपमानजनक हैं, बल्कि इसके अनंत और खतरनाक परिणाम होंगे। अमेरिका ने एक स्थायी सुरक्षा परिषद सदस्य होने के बावजूद शांतिपूर्ण परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर अपराध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र के हर सदस्य देश को अमेरिका के इस गैरकानूनी रवैये पर गहरी चिंता होनी चाहिए।

ईरान ने जताया आत्मरक्षा का अधिकार

अराघची ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि ईरान संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अंतर्गत आत्मरक्षा के अपने अधिकार का प्रयोग करेगा। उन्होंने कहा, ईरान अपनी संप्रभुता, नागरिकों और हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को स्वतंत्र है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी एक अलग आधिकारिक बयान में अमेरिकी हमलों को ‘सीधा आक्रोशपूर्ण हमला’ बताया और इसे देश की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने ईरान के फ़ोर्दो, नतांज़ और इस्फ़हान स्थित तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी (AEOI) पहले ही इस पर ‘बर्बर हमला’ कहकर प्रतिक्रिया दे चुकी है। मध्य-पूर्व में तनाव तेज़ी से बढ़ता जा रहा है और दुनिया भर की नजरें अब संयुक्त राष्ट्र की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

Also Read: T20 World Cup 2026: भारत में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए 13 टीमों ने किया क्वालीफाई, जानिए सेलेक्शन प्रोसेस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.