फिर ठप हुई IRCTC के वेबसाइट, यात्रियों की टिकट बुकिंग पर संकट

Sandesh Wahak Digital Desk: त्योहारी सीजन के बीच इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) की वेबसाइट शुक्रवार सुबह एक बार फिर तकनीकी खामियों की वजह से ठप हो गई। ऑनलाइन टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सर्वर से जुड़ी यह समस्या करीब एक घंटे तक बनी रही, जिसके चलते वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों ठप हो गए थे। हालांकि आईआरसीटीसी अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी को 11:15 बजे ठीक कर लिया गया है और अब वेबसाइट सामान्य रूप से काम कर रही है।

तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान सर्वर ठप

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को धनतेरस (शनिवार) के सफर के लिए तत्काल टिकट बुकिंग का समय था। रोजाना सुबह 10 बजे एसी श्रेणी की तत्काल टिकटों की बुकिंग और 11 बजे नॉन-एसी टिकटों की बुकिंग शुरू होती है। ठीक उसी वक्त वेबसाइट क्रैश हो जाने से यात्रियों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। हजारों लोग जो त्योहार के मौके पर घर जाने के लिए टिकट बुक करना चाहते थे, वे परेशानी में फंस गए।

दरअसल भारतीय रेलवे की टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी (IRCTC) ही एकमात्र अधिकृत प्लेटफॉर्म है। आंकड़ों के अनुसार, रोजाना इस वेबसाइट के जरिए करीब 12.5 लाख टिकटें बुक की जाती हैं। रेलवे की कुल टिकट बुकिंग में से लगभग 84 प्रतिशत बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से होती है।

फिर ठप हुई IRCTC की वेबसाइट, यात्रियों की टिकट बुकिंग पर संकट

सर्वर डाउन का असर शेयर बाजार तक

दरअसल आईआरसीटीसी की वेबसाइट में आई इस गड़बड़ी का असर शेयर बाजार में भी हल्का दिखा। गुरुवार को कंपनी का शेयर सुबह 11 बजे तक बीएसई पर 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ ₹717.05 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि, पिछले एक सप्ताह में शेयर में 0.34 फीसदी की बढ़त और पिछले दो हफ्तों में 1.44 फीसदी का उछाल देखने को मिला।

गौरतलब हो कि पिछले छह महीनों में कंपनी के शेयर में -6.74 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि बीते एक साल में यह गिरावट -17.69 फीसदी तक पहुंच गई है। फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप ₹57,400 करोड़ के करीब बताया जा रहा है।

1999 में हुई थी आईआरसीटीसी की स्थापना

दरअसल इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अधीन एक मिनीरत्न सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम (PSU) है तथा इसे 27 सितंबर 1999 को भारतीय रेलवे की एक शाखा के रूप में शामिल किया गया था।

इसका मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और अन्य स्थानों पर कैटरिंग और हॉस्पिटैलिटी सेवाओं का प्रबंधन करना है। इसके साथ ही यह बजट होटल, स्पेशल टूर पैकेज, इंफॉर्मेशन एंड कॉमर्शियल पब्लिसिटी और ग्लोबल रिजर्वेशन सिस्टम के विकास के जरिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देता है।

हजालांकि त्योहारी भीड़ के बीच वेबसाइट का बार-बार ठप होना रेलवे की डिजिटल व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। यात्रियों का कहना है कि आईआरसीटीसी को अपने सर्वर और बुकिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करना चाहिए, ताकि ऐसे मौकों पर लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।

 

Also Read: गुजरात में मंत्रिमंडल विस्तार: हर्ष संघवी बने उपमुख्यमंत्री, राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.