क्या भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी तय? राजीव शुक्ला के बयान से मिले बड़े संकेत
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की एक बार फिर भारतीय टीम में वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इस सीजन भुवनेश्वर कुमार ने बेहतरीन लय में गेंदबाजी करते हुए 28 विकेट झटके, जिसके बाद फैन्स और क्रिकेट विशेषज्ञ उन्हें टीम इंडिया के लिए एक मजबूत दावेदार मानने लगे हैं।
आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के बाद स्टेडियम से बाहर निकलते समय राजीव शुक्ला से जब पत्रकारों ने भुवनेश्वर कुमार की वापसी को लेकर सवाल किया, तो उनका जवाब तेजी से वायरल हो गया।
शुक्ला ने कहा कि गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार का “रिवाइवल” देखने को मिला है। उन्होंने भुवी की तारीफ करते हुए कहा कि वह पुराने खिलाड़ी जरूर हैं, लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने इस सीजन में वापसी की है, उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

राजीव शुक्ला ने यह भी स्पष्ट किया कि आईपीएल जैसे बड़े मंच पर निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं की नजर रहती है। उनके इस बयान के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि बीसीसीआई और चयन समिति भुवनेश्वर कुमार के प्रदर्शन पर गंभीरता से विचार कर सकती है।
फाइनल मैच और टूर्नामेंट की बात करते हुए शुक्ला ने इस सीजन की खोज के तौर पर युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का नाम लिया।
उन्होंने कहा कि वैभव के प्रदर्शन ने पूरे देश को खुश किया है और हर तरफ उसकी सराहना हो रही है। साथ ही उन्होंने फाइनल को बेहद रोमांचक बताते हुए कहा कि दोनों टीमों ने चैंपियन बनने लायक खेल दिखाया।
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया, जबकि गुजरात टाइटंस को उपविजेता रहना पड़ा।
दोनों टीमों के प्रदर्शन की राजीव शुक्ला ने जमकर तारीफ की।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भुवनेश्वर कुमार का यह शानदार आईपीएल प्रदर्शन उन्हें एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी पहनने का मौका दिलाएगा। चयनकर्ताओं के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

